हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा सहित अन्य के 18 ठिकानों पर ED का छापा, तीन करोड़ नकद जब्त
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 08 Jul 2022 8:51 PM
शुक्रवार को ईडी की टीम ने टेंडर विवाद में दर्ज मामले के आधार पर हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा सहित 18 लोगों के ठिकानों पर छापा मारा. इस दौरान पत्थर व्यापारी हीरा भगत के ठिकानों से नकद तीन करोड़ रुपये बरामद हुए. पंकज मिश्रा के बाहर रहने पर ईडी ने दिल्ली में उससे पूछताछ की.
Jharkhand News: प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate- ED) ने टेंडर विवाद में दर्ज मामले में शुक्रवार को हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा सहित 18 लोगों के ठिकानों पर छापा मारा. छापेमारी के दायरे में माइनिंग के व्यापार से संबंधित लोगों को शामिल किया गया है. ईडी ने यह कार्रवाई बरहरवा थाने में दर्ज टेंडर मैनेज करने से संबंधित मामले में मनी लाउंड्रिंग के आरोप में की है. छापेमारी के दौरान करीब तीन करोड़ रुपये नकद और व्यापारिक गतिविधियों से संबंधित दस्तावेज जब्त किये गये हैं. राज्य से बाहर होने के कारण पंकज मिश्रा को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया है. फेरी संचालक दाहु यादव के भी राज्य से बाहर होने की सूचना है.
व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज जब्त
ईडी ने शुक्रवार की सुबह संताल परगना के साहिबगंज और राजमहल जिले में संबंधित लोगों के ठिकानों पर छापा मारा. छापेमारी के दायरे में पंकज मिश्रा और उससे संबंधित पत्थर व्यापारियों व ठेकेदारों के ठिकाने शामिल थे. इस दौरान व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किये गये. इसमें पत्थरों के वैध और अवैध व्यापार से जुड़ी अहम सूचनाएं भी शामिल हैं. छापेमारी में इस मामले के नामजद अभियुक्त पंकज मिश्रा अपने घर पर नहीं मिले. पारिवारिक सदस्यों ने इलाज के लिए पंकज के राज्य से बाहर जाने की सूचना दी. इसके बाद ईडी के अधिकारियों ने फोन पर संपर्क कर इलाज में बाधा नहीं होने की स्थिति में उसे वापस लौटने का निर्देश दिया. ईडी के निर्देश पर पंकज मिश्रा दिल्ली पहुंचा. वहां ईडी के अधिकारियों द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है. दाहु यादव के घर में एक लोहे की बड़ी तिजोरी मिली है. पत्थर व्यापारी हीरा भगत के ठिकानों से तीन करोड़ रुपये नकद जब्त किये गये हैं.
ईडी की प्राथमिकी में पंकज मिश्रा नामजद अभियुक्त
ईडी ने वर्ष 2020 में बरहरवा थाने में टेंडर विवाद के मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मनी लाउंड्रिंग के आरोप में वर्ष 2022 में प्राथमिकी दर्ज की थी. इसमें पंकज मिश्रा को नामजद अभियुक्त बनाया था. ईडी ने इस मामले में पिछले दिनों शंभु नंदन का बयान दर्ज किया था. शंभु नंदन का बयान दर्ज करने के बाद तथ्यों की पुष्टि के लिए ईडी ने उसके उस मोबाइल को जब्त कर लिया था, जिस पर पंकज मिश्रा द्वारा फोन करने का दावा किया गया था. ईडी ने फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा था. फॉरेंसिक रिपोर्ट में ईडी को कुछ और अहम जानकारियां मिलने की सूचना है. साथ 19 जून 2020 को पंचायत भवन में हुए हंगामे से संबंधित वीडियो क्लिप मिला था.
इनके ठिकानों पर हुई छापेमारी
– विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के साहिबगंज स्थित आवास पर
– छोटू यादव (पत्थर व्यापारी) के साहिबगंज स्थित ठिकानों पर
– वेदु खुडानियां(पत्थर व्यापारी) साहिबगंज के ठिकानों पर
– दाहू यादव (फेरी संचालक) के साहिबगंज स्थित ठिकानों पर
– संजय दीवान (ज्वेलर्स) बरहरवा, साहिबगंज के ठिकानों पर
– कृष्णा साहा(पत्थर व्यापारी) के रिसौड़ स्थित ठिकानों पर
– भगवान भगत (पत्थर व्यापारी) के बरहरवा,साहिबगंज स्थित ठिकानों पर
– भवेश भगत(पत्थर व्यापारी) के बरहरवा, साहिबगंज स्थित ठिकानों पर
– सुब्रत पाल (पत्थर व्यापारी) मिर्जा चौकी, बरहरवा स्थित ठिकानों पर
– पतरू सिंह के मिर्जा चौकी स्थित ठिकानों पर
– ट्विंकल भगत के मिर्जा चौकी स्थित ठिकानों पर
– राजू भगत के मिर्चा चौकी स्थित ठिकानों पर
– सोनू सिंह (पत्थर व्यापारी व फेरी संचालक) के राजमहल स्थित ठिकानों पर
– निमाई शील (पत्थर व बालू कारोबारी) के बरहेट स्थित ठिकानों पर
Posted By: Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










