Bihar: खगड़िया में 10 करोड़ की लागत से पुल तैयार, नाव से यात्रा करने की मजबूरी खत्म, कई गांवों को राहत
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 31 May 2022 4:02 PM
बिहार के खगड़िया सदर प्रखंड के अहुना में कोसी नदी की उपधारा छांछ घाट पर पुल तैयार हो जाने से अब लोगों को काफी सहूलियत हो गयी है. अब नाव से घाट पार करके जाने की मजबूरी नहीं रही. कोसी क्षेत्र से कमलांचल की दूरी घटी.
खगड़िया सदर प्रखंड के अहुना में कोसी नदी की उपधारा छांछ घाट पर पुल का निर्माण हो जाने से अब लोगों को राहत मिली है. पुल निर्माण निगम द्वारा 10 करोड़ की लागत से तैयार किये गये आरसीसी पुल से क्षेत्र के हजारों लोगों को बरसात के समय नाव की यात्रा से मुक्ति मिल गयी है. वहीं खगड़िया को दरभंगा-मधुबनी-समस्तीपुर से जोड़ने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध हो गया है.
जिला मुख्यालय को खगड़िया अलौली पथ अंतर्गत बछौता चौक से भाया शुंभा, धुसमुरी बिशनपुर बखरी को जोड़ने वाली पथ के रास्ते छांछ घाट पर पुल नहीं रहने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था. छांछ घाट पर पुल नहीं रहने से जिले के पश्चिमी हिस्से के लाखों लोगों का बरसात के समय तीन से चार माह तक सड़क के रास्ते जिला मुख्यालय का संपर्क भंग रहता था. अब लोगों को 31 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है.
यहां तीन पंचायत के लोगों को बरसात के समय जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए नाव का सहारा लेने की मजबूरी थी. अथवा उन्हें बेगूसराय जिला अंतर्गत बखरी बाजार जाकर खरीदारी करनी पड़ती थी. इस पुल के तैयार हो जाने से अब लोगों को राहत मिल रही है.
Also Read: UPSC Result 2021: बिहार के मुंगेर की बेटी अंशु प्रिया ने कैसे हासिल किया16 वां रैंक? जानें सफलता का मंत्र
चंद्रपुरा खुर्द पंचायत अंतर्गत अहुना, चंदपुरा, पचराहा के अलावा शुभा पंचायत अंतर्गत मुरली, बलुआहा, रटनाहा गांव के लोग बरसात के समय जुलाई से लेकर अक्टूबर माह तक दो किलोमीटर से लेकर पांच किलोमीटर तक पैदल चलकर छांछ घाट तक पहुंचते थे. उस गांव के लोग नाव से छांछ घाट पार करते थे.
इस पुल के तैयार होने से अब कोसी क्षेत्र के लोगों को कमलांचल यानी दरभंगा-मधुबनी-समस्तीपुर का सफर तय करने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग भी मिल गया. खगड़िया भाया शुंभा बखरी पथ से सफर करने पर उन्हें करीब 7 किलोमीटर की दूरी कम होने के साथ ही पैसे की भी बचत होगी.
POSTED BY: Thakur Shaktilochan
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










