WhatsApp लाया जादू फीचर! बिना ऐप के भी होगी कॉलिंग

WhatsApp Web में अब वॉयस और वीडियो कॉलिंग की सुविधा शुरू हो गई है. ब्राउजर से सीधे कॉल करने के साथ स्क्रीन शेयरिंग भी मिलेगी. यह फीचर फिलहाल बीटा यूजर्स के लिए रोलआउट हो रहा है और जल्द ही सभी को मिलेगा.
व्हाट्सऐप ने आखिरकार वह फीचर वेब वर्जन में जोड़ दिया है, जिसकी सबसे ज्यादा मांग थी- अब सीधे ब्राउजर से वॉयस और वीडियो कॉल करना संभव हो गया है. लंबे समय तक WhatsApp Web केवल चैटिंग और मैसेजिंग तक सीमित था, लेकिन अब यह धीरे-धीरे एक फुल कम्युनिकेशन प्लैटफॉर्म बनता जा रहा है.
वेब पर कॉलिंग की शुरुआत
2015 में लॉन्च हुए WhatsApp Web को हमेशा मोबाइल ऐप का हल्का वर्जन माना गया. डेस्कटॉप ऐप्स में 2021 से ही कॉलिंग की सुविधा मौजूद थी, लेकिन ब्राउजर यूजर्स इससे वंचित थे. अब नये अपडेट के साथ हर चैट विंडो में कॉल बटन दिखाई देंगे, जिनसे वन-टू-वन वॉयस या वीडियो कॉल की जा सकेगी.
प्राइवेसी और सिक्योरिटी बरकरार
कॉलिंग फीचर पूरी तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेगा. व्हाट्सऐप ने वही Signal प्रोटोकॉल इस्तेमाल किया है, जो मोबाइल और डेस्कटॉप ऐप्स में पहले से मौजूद है. यानी ब्राउजर से की गई कॉल्स भी उतनी ही सुरक्षित होंगी.
स्क्रीन शेयरिंग का फायदा
नये अपडेट में वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन शेयरिंग का विकल्प भी दिया गया है. इससे ऑफिस मीटिंग, प्रेजेंटेशन या रिमोट सपोर्ट जैसे काम आसान होंगे. खास बात यह है कि यह फीचर ब्राउजर पर चलता है, इसलिए Linux जैसे प्लैटफॉर्म पर भी काम करेगा, जहां WhatsApp का कोई ऑफिशियल ऐप मौजूद नहीं है.
धीरे-धीरे होगा रोलआउट
फिलहाल यह सुविधा WhatsApp Web Beta यूजर्स के लिए उपलब्ध है. आने वाले हफ्तों में इसे स्टेबल वर्जन में भी जोड़ा जाएगा. यह साफ संकेत है कि WhatsApp अब वेब प्लैटफॉर्म को केवल चैटिंग टूल नहीं, बल्कि एक संपूर्ण कम्युनिकेशन सॉल्यूशन बनाने की दिशा में बढ़ रहा है.
यह भी पढ़ें: WhatsApp चैट डिलीट हो गई? बिना बैकअप ऐसे करें रिकवर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajeev Kumar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










