Nothing Phone 4b vs OnePlus N6 5G: एक में दमदार कैमरा, दूसरे में बड़ी बैटरी, जानें कौन सा है पैसा वसूल डील

Nothing Phone 4b vs OnePlus N6 5G
Nothing Phone 4b और OnePlus N6 5G मिड-रेंज सेगमेंट में दो नए ऑपशंस हैं. Nothing Phone 4b AMOLED डिस्प्ले, दमदार Snapdragon प्रोसेसर और बेहतर कैमरा सेटअप के साथ आता है. वहीं, OnePlus N6 5G की सबसे बड़ी खासियत 8000mAh बैटरी है. जानिए कीमत, कैमरा, डिस्प्ले और परफॉर्मेंस में कौन सा फोन बेहतर है.
नया स्मार्टफोन खरीदना हो और बजट 30 से 35 हजार रुपये के आसपास हो, तो केवल कैमरा या बैटरी देखकर फैसला करना आसान नहीं होता. किसी फोन में शानदार डिस्प्ले मिलता है, तो कोई बड़ी बैटरी के दम पर आगे निकल जाता है. हाल ही में आए Nothing Phone 4b और OnePlus N6 5G के बीच भी कुछ ऐसा ही मुकाबला देखने को मिलता है. एक तरफ Nothing Phone 4b है, जो अपने अलग डिजाइन, पीछे चमकने वाली Glyph लाइट्स, AMOLED डिस्प्ले और दमदार प्रोसेसर के साथ आता है. दूसरी तरफ OnePlus N6 5G है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत इसकी 8,000mAh की बड़ी बैटरी और कम कीमत है. आइए जानते हैं कि दोनों फोन में क्या अंतर है और आपके लिए कौन सा फोन बेहतर हो सकता है.
डिजाइन में Nothing का अलग अंदाज
Nothing के स्मार्टफोन हमेशा अपने अलग डिजाइन के कारण ट्रेंड में रहते हैं और Phone 4b में भी कंपनी ने यही पहचान बरकरार रखी है. फोन के पीछे 45 छोटी LED लाइट्स वाला Glyph इंटरफेस मिलता है. ये लाइट्स फोन के डिजाइन को बाकी स्मार्टफोन से अलग बनाती हैं. रियर पैनल पर डुअल कैमरा सेटअप भी दिया गया है. इसके मुकाबले OnePlus N6 5G का डिजाइन ज्यादा सिंपल है. फोन के पीछे पिल शेप कैमरा मॉड्यूल मिलता है, जिसमें दो कैमरे दिए गए हैं. अगर आपको अलग और स्टाइलिश दिखने वाला फोन पसंद है, तो Nothing Phone 4b ज्यादा पसंद आ सकता है. वहीं, सिंपल डिजाइन पसंद करने वाले यूजर्स OnePlus की तरफ जा सकते हैं.
डिस्प्ले में किसका पलड़ा भारी?
Nothing Phone 4b में 6.77-इंच का FHD+ Super AMOLED डिस्प्ले दिया गया है. इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट मिलता है, जिससे स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग और गेमिंग का एक्सपीरियंस स्मूद रहता है. फोन की स्क्रीन 3500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है. दूसरी तरफ, OnePlus N6 5G में 6.8-इंच की थोड़ी बड़ी स्क्रीन मिलती है. इसका LCD डिस्प्ले भी 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है. इसकी पीक ब्राइटनेस 1200 निट्स है. अगर आपको केवल बड़ी स्क्रीन चाहिए, तो OnePlus N6 5G थोड़ा आगे है. लेकिन AMOLED पैनल और ज्यादा ब्राइटनेस के कारण Nothing Phone 4b वीडियो देखने और गेमिंग के लिए बेहतर एक्सपीरियंस दे सकता है.
परफॉर्मेंस में कौन है ज्यादा दमदार?
Nothing Phone 4b में Qualcomm Snapdragon 6 Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है. यह 4nm टेक्नोलॉजी पर बना चिपसेट है. फोन में 8GB LPDDR4X RAM के साथ 256GB तक UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है. दूसरी तरफ OnePlus N6 5G में MediaTek Dimensity 6360 Apex प्रोसेसर मिलता है, जो 6nm टेक्नोलॉजी पर तैयार किया गया है. इसके साथ LPDDR4X RAM और UFS 2.2 स्टोरेज दी गई है. यानी परफॉर्मेंस के मामले में Nothing Phone 4b आगे है.
कैमरा फीचर्स में Nothing Phone 4b आगे
Nothing Phone 4b में पीछे की तरफ दो कैमरे मिलते हैं. इसका मेन कैमरा 50MP का है, जिसमें OIS सपोर्ट मिलता है. इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 16MP का फ्रंट कैमरा मिलता है. Nothing ने कैमरे के सॉफ्टवेयर पर भी काम किया है. इसमें Ultra-HD जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जो अलग-अलग रोशनी में कई तस्वीरें लेकर उन्हें एक फोटो में जोड़ने का काम करते हैं. इससे फोटो में ज्यादा डिटेल और बेहतर लाइट देखने को मिल सकती है.
दूसरी ओर, OnePlus N6 5G में 50MP का मेन कैमरा और 2MP का मैक्रो कैमरा मिलता है. सेल्फी के लिए फोन में 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है. कैमरा स्पेसिफिकेशंस देखें, तो Nothing Phone 4b का कैमरा सेटअप ज्यादा काम का है.
बैटरी में OnePlus आगे
अगर फोन खरीदते समय आपकी पहली जरूरत लंबी बैटरी लाइफ है, तो OnePlus N6 5G आपको पसंद आ सकता है. फोन में 8,000mAh की बड़ी Silicon-Carbon बैटरी दी गई है. इसके साथ 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है. कंपनी का दावा है कि फोन की बैटरी लंबे समय तक अच्छी कैपेसिटी बनाए रख सकती है. इसमें Safe Cell Technology भी दी गई है, जिसे बैटरी की हेल्थ को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए डिजाइन किया गया है. दूसरी तरफ Nothing Phone 4b में 6000mAh की बैटरी मिलती है. इसके साथ 33W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है. 6,000mAh की बैटरी भी काफी बड़ी है, लेकिन कैपेसिटी और चार्जिंग स्पीड में OnePlus N6 5G आगे है.
ड्यूरेबिलिटी और दूसरे फीचर्स
OnePlus N6 5G को मजबूत बनाने के लिए MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड प्रोटेक्शन दिया गया है. धूल और पानी से बचाव के लिए फोन IP65 रेटिंग के साथ आता है. इसमें 3.5mm हेडफोन जैक और डुअल स्टीरियो स्पीकर्स भी मिलते हैं. दूसरी तरफ Nothing Phone 4b में IP64 रेटिंग दी गई है. फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर्स मिलते हैं, लेकिन 3.5mm हेडफोन जैक नहीं दिया गया है. हालांकि, इसका Glyph इंटरफेस इसे बाजार में मौजूद दूसरे स्मार्टफोन से अलग बनाता है.
कीमत में दोनों फोन के बीच बड़ा अंतर
OnePlus N6 5G का 4GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट 22,999 रुपये में आता है. इसके 6GB RAM और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 24,999 रुपये है. वहीं, Nothing Phone 4b का 8GB RAM और 128GB स्टोरेज मॉडल 34,999 रुपये में आता है, जबकि 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 38,999 रुपये है. हालांकि, शुरुआती ऑफर में फोन का बेस मॉडल 29,999 रुपये में खरीदा जा सकता है.
आखिर कौन सा फोन खरीदना बेहतर?
दोनों फोन की अपनी अलग खूबियां हैं. अगर आपका बजट कम है और आपको बड़ी बैटरी, लंबा बैकअप और मजबूत फोन चाहिए, तो OnePlus N6 5G बेहतर ऑप्शन हो सकता है. वहीं, अगर आप फोन में बेहतर AMOLED डिस्प्ले, दमदार प्रोसेसर, अच्छा कैमरा और थोड़ा हटकर डिजाइन चाहते हैं, तो Nothing Phone 4b ज्यादा बेहतर पैकेज देता है. ऑफर में इसकी कीमत 29,999 रुपये हो जाती है, जिससे दोनों फोन के बीच कीमत का अंतर भी कुछ कम हो जाता है.
यह भी पढ़ें:Samsung, Redmi, Poco या Oppo? ₹15,000 से कम में कौन-सा 5G फोन सबसे दमदार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shivani Shah
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










