7,000mAh बैटरी और 50MP कैमरे के साथ आया Moto G77 Power, जानें कीमत-फीचर्स और क्या है खास

Moto G77 Power / Pic: Motorola
मोटोरोला का नया Moto G77 Power स्मार्टफोन भारत में लॉन्च हो गया है, जो 7,000mAh की बड़ी बैटरी और 50MP Sony कैमरे के साथ आता है. यह फोन लंबी बैटरी लाइफ और बेहतरीन फोटोग्राफी चाहने वालों के लिए एक शानदार विकल्प है.
अगर आप ऐसा स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं जो बार-बार चार्ज करने की झंझट खत्म कर दे और कैमरा भी शानदार हो, तो मोटोरोला का नया Moto G77 Power आपकी लिस्ट में शामिल हो सकता है. कंपनी ने भारत में इस फोन को 7,000mAh की बड़ी बैटरी, 50MP Sony LYTIA-600 कैमरा और 120Hz डिस्प्ले जैसे फीचर्स के साथ लॉन्च किया है. यह स्मार्टफोन उन यूजर्स को ध्यान में रखकर लाया गया है, जो लंबी बैटरी लाइफ, भरोसेमंद परफॉर्मेंस और बेहतर फोटोग्राफी चाहते हैं.
Moto G77 Power की कीमत और सेल डेट
Moto G77 Power को भारत में 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया गया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 25,999 रुपये रखी गई है. हालांकि, लॉन्च ऑफर के तहत बैंक डिस्काउंट के बाद इसे 23,999 रुपये की प्रभावी कीमत पर खरीदा जा सकेगा.
यह बजट स्मार्टफोन 13 जुलाई से फ्लिपकार्ट, मोटोरोला की आधिकारिक वेबसाइट और ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा. इसे PANTONE Fuchsia Red, PANTONE Nautical Blue और PANTONE Impenetrable कलर ऑप्शन में पेश किया गया है.
डिस्प्ले और परफॉर्मेंस में क्या मिलता है?
Moto G77 Power में 6.72 इंच का फुल HD+ IPS LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 1,050 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है. तेज स्क्रॉलिंग और बेहतर विजिबिलिटी के लिए यह डिस्प्ले अच्छा अनुभव देने का दावा करता है.
फोन में MediaTek Dimensity 6400 प्रॉसेसर दिया गया है, जो 6nm प्रोसेस पर आधारित है. इसके साथ 8GB LPDDR4X रैम और 128GB UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है. माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है. रोजमर्रा के काम, मल्टीटास्किंग और सामान्य गेमिंग के लिए यह हार्डवेयर पर्याप्त माना जा सकता है.
50MP Sony LYTIA कैमरा बना सबसे बड़ा आकर्षण
Moto G77 Power की सबसे बड़ी खासियत इसका 50MP Sony LYTIA-600 प्राइमरी कैमरा है. इसमें 1/2 इंच का बड़ा सेंसर दिया गया है, जो इस प्राइस सेगमेंट में अब कम देखने को मिलता है. बड़ा सेंसर होने की वजह से कम रोशनी में भी बेहतर डिटेल और क्लियर तस्वीरें मिलने की उम्मीद है.
इसके साथ 8MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी मिलता है. वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट कैमरा दिया गया है. फोन के फ्रंट और रियर दोनों कैमरे 2K रिजॉल्यूशन में 30FPS तक वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करते हैं.
7,000mAh बैटरी के साथ मिलेगा लंबा बैकअप
इस स्मार्टफोन में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो सामान्य उपयोग में डेढ़ दिन या उससे ज्यादा का बैकअप देने का दावा करती है. चार्जिंग के लिए बॉक्स में 30W चार्जर मिलता है. इसके अलावा 6W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग भी दी गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर दूसरे डिवाइस भी चार्ज किये जा सकते हैं.
फोन में 3.5mm हेडफोन जैक, Dolby Atmos सपोर्ट वाले स्टीरियो स्पीकर्स और साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर जैसे फीचर्स भी शामिल हैं. यह स्मार्टफोन Android 16 आधारित Hello UI पर चलता है. कंपनी ने Android 17 अपडेट और तीन साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है.
क्या Moto G77 Power खरीदना चाहिए?
25 हजार रुपये के आसपास के बजट में Moto G77 Power का मुकाबला OnePlus Nord N6 और iQOO Z11x जैसे स्मार्टफोन्स से होगा. Moto G77 Power की सबसे बड़ी ताकत इसकी 7,000mAh बैटरी, बड़ा Sony LYTIA कैमरा सेंसर और फुल HD+ डिस्प्ले है.
हालांकि, अगर आपका फोकस ज्यादा परफॉर्मेंस और लंबे सॉफ्टवेयर अपडेट पर है, तो iQOO Z11x बेहतर विकल्प साबित हो सकता है. लेकिन जिन यूजर्स के लिए बैटरी बैकअप, कैमरा क्वाॅलिटी और भरोसेमंद डेली यूज सबसे ज्यादा मायने रखते हैं, उनके लिए Moto G77 Power एक मजबूत दावेदार बनकर सामने आता है.
ये भी पढ़ें: ₹25,000 की रेंज में 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले दमदार स्मार्टफोन, गेमिंग से लेकर कैमरा तक सबकुछ मिलेगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajeev Kumar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










