दक्षिण 24 परगना की प्रत्येक सीट पर तृणमूल ने बरकरार रखा अपना कब्जा

Updated at : 05 Jun 2024 1:55 AM (IST)
विज्ञापन
दक्षिण 24 परगना की प्रत्येक सीट पर तृणमूल ने बरकरार रखा अपना कब्जा

क्षिण 24 परगना के अंतर्गत आने वाले सभी लोकसभा सीटों पर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने जीत बरकरार रखा है.

विज्ञापन

संवाददाता, कोलकाता

दक्षिण 24 परगना के अंतर्गत आने वाले सभी लोकसभा सीटों पर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने जीत बरकरार रखा है. इसी जिले में डायमंड हार्बर सीट भी आती है, जिस पर तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने तीसरी बार जीत को कायम रखा है. कोलकाता (दक्षिण), जादवपुर, मथुरापुर और जयननगर (एससी) सीटों पर भी तृणमूल के उम्मीदवार ही विजयी रहे हैं.

डायमंड हार्बर : तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी ने तीसरी बार भरोसा जताते हुए अपना उम्मीदवार बनाया. श्री बनर्जी डायमंड हार्बर में तीसरी बार सांसद चुने गये हैं, जिनकी जीत का मार्जिन काफी ज्यादा रहा है. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को अभिजीत कुमार (बॉबी) को शिकस्त दी. वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल नेता श्री बनर्जी को 7,91,127 वोट मिले थे, जो कुल मतदान का लगभग 56.15 प्रतिशत था. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीलांजन राय को हराया था, जिन्हें 4,70,533 वोट मिले थे.

कोलकाता दक्षिण : दक्षिण 24 परगना के अंतर्गत आने वाली कोलकाता (दक्षिण) सीट भी काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है. उक्त संसदीय क्षेत्र में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 1991 से 2009 तक हुए लोकसभा चुनाव व लोकसभा उप-चुनाव में विजयी रही हैं. वर्ष 2011 में तृणमूल के पश्चिम बंगाल के सत्ता में आने के बाद सुश्री बनर्जी ने सांसद पद से इस्तीफा दिया, जिसके बाद यहां हुए उपचुनाव में तृणमूल से सुब्रत बक्शी विजयी हुए, जो वर्ष 2014 में भी इस सीट से सांसद चुने गये. वर्ष 2019 में माला राय तृणमूल की उम्मीदवार के तौर पर उक्त सीट से विजयी हुईं. इस बार हुए लोकसभा चुनाव में तृणमूल ने फिर राय पर भरोसा जताया और यहां से उन्हें पार्टी की उम्मीदवार बनाया. माला राय ने इस सीट पर तृणमूल की जीत को कायम रखा. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार देबश्री चौधरी को शिकस्त दी है. यहां चुनाव के मैदान में माकपा की ओर से सायरा शाह हलीम भी थीं. गत लोकसभा चुनाव में माला राय को 5,73,119 वोट मिले थे. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार चंद्र कुमार बोस को हराया था, जिन्हें 4,17,927 वोट मिले थे.

जयनगर (एससी) : जयनगर (एससी) लोकसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने इस बार भी प्रतिमा मंडल को उम्मीदवार बनाया, जिन्होंने एक बार फिर भाजपा उम्मीदवार अशोक कंडारी को हार का मुंह दिखाया. गत लोकसभा चुनाव में भी इस सीट पर मंडल और भाजपा नेता कंडारी के बीच ही मुख्य मुकाबला था. इस बार आरएसपी ने अपना उम्मीदवार समरेंद्रनाथ मंडल को बनाया. गत लोकसभा चुनाव में मंडल को 7,61,206 वोट मिले थे, जो कुल मतदान का लगभग 56.13 प्रतिशत था. मंडल ने भाजपा उम्मीदवार अशोक कंडारी को हराया था, जिन्हें 4,44,427 वोट मिले थे, जो कुल मतदान का लगभग 32.77 प्रतिशत था.

जादवपुर : उक्त लोकसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी की युवा इकाई की प्रदेश अध्यक्ष सायनी घोष को पहली बार मौका दिया. उन्होंने अपने दल के विश्वास को टूटने नहीं देते हुए यहां से पार्टी की जीत को बरकरार रखा. सायनी घोष ने यहां भाजपा उम्मीदवार डॉ अनिर्वाण गांगुली को हराया. यहां पर माकपा ने अपना उम्मीदवार सृजन भट्टाचार्य को बनाया था. गत लोकसभा चुनाव में जादवपुर सीट पर तृणमूल उम्मीदवार मिमी चक्रवर्ती को 6,88,472 वोट मिले थे. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को अनुपम हाजरा को हराया था, जिन्हें 3,93,233 वोट मिले थे. गत लोकसभा चुनाव में माकपा उम्मीदवार विकास रंजन भट्टाचार्य को 3,02,264 वोट मिले थे.

मथुरापुर : राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल ने मथुरापुर सीट पर इस बार हुए लोकसभा चुनाव में भी बापी हालदार को उम्मीदवार बनाया और उन्होंने यहां पर अपनी पार्टी की जीत फिर बरकरार रखी. उन्होंने यहां भाजपा के उम्मीदवार अशोक पुरकाइत को हराया. उक्त सीट पर माकपा ने अपना उम्मीदवार पिछले बार की तरह डॉ शरद चंद्र हालदार को बनाया था. गत लोकसभा चुनाव यानी वर्ष 2019 में उक्त सीट पर तृणमूल के उम्मीदवार चौधरी मोहन जाटुआ थे, जिन्हें 7,26,828 वोट मिले थे. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार श्यामा प्रसाद हालदार को शिकस्त दी थी, जिन्हें 5,22,854 वोट मिले थे,

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola