अमित शाह ने सिलीगुड़ी कॉरिडोर के पास BSF चौकी पर जवानों से की बात, 77 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन

Updated:
विज्ञापन

वॉच टावर से सीमा क्षेत्र का जायजा लेते अमित शाह.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर बंगाल में संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा का जायजा लिया. उन्होंने फूलबाड़ी सीमा चौकी पर BSF जवानों का हौसला बढ़ाया और 77.06 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. शाह ने सीमा सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण सिलीगुड़ी कॉरिडोर के पास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण भी किया. जानें आगे क्या है उनका प्रोग्राम.

विज्ञापन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार (18 जुलाई) को उत्तर बंगाल में संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ से लगे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की. सीमा सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माने जाने वाले ‘चिकन नेक’ (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) के पास फूलबाड़ी में गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों का हौसला बढ़ाया और उनके लिए 77.06 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया.

विज्ञापन
Amit Shah _BSF Prahari Sammelan Siliguri West Bengal.jpg
प्रहरी सम्मेलन के बाद बीएसएफ जवानों के साथ अमित शाह, शुभेंदु अधिकारी व अन्य.

फूलबाड़ी सीमा चौकी पर सुरक्षा का लिया जायजा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने 3 दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे दिन सिलीगुड़ी शहर के बाहरी इलाके में स्थित फूलबाड़ी सीमा चौकी के जुमागाछ क्षेत्र पहुंचे. यह बीएसएफ की 18वीं बटालियन की सीमा चौकी है. उन्होंने सीमा बाड़ के पास वॉच टावर पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था को देखा. वहां एक पौधा भी लगाया. उन्होंने सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों से सीधा संवाद किया और ‘प्रहरी सम्मेलन’ में हिस्सा लिया.

Amit Shah reviewed security at BSF post near Siliguri Corridor West Bengal News.jpg
वॉच टावर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह.

शाह की बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी

इस दौरान अमित शाह के साथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे. इनके अलावा मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, गृह सचिव संघमित्रा घोष, बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार और एनआईए महानिदेशक राकेश अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नौकरशाह और पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें: सिलीगुड़ी के पास BSF चौकी पहुंचे अमित शाह, सीमा सुरक्षा की समीक्षा और ‘चिकन नेक’ पर किया महामंथन

क्यों महत्वपूर्ण है सिलीगुड़ी कॉरिडोर?

गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब देश की सुरक्षा के लिए सबसे संवेदनशील माने जाने वाले सिलीगुड़ी कॉरिडोर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. यह 17 से 22 किलोमीटर चौड़ी एक भूमि पट्टी है, जो मुख्य भूमि भारत को पूर्वोत्तर (North-East) के 8 राज्यों से जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग है. सामरिक महत्व की बात करें, तो यह उत्तर में नेपाल, दक्षिण में बांग्लादेश और उत्तर-पूर्व में भूटान की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के बीच घिरा हुआ है.

Amit Shah reviewed security at BSF post near Siliguri Corridor West Bengal .jpg
सीमा पर वॉच टावर पर बीएसएफ अधिकारी से जानकारी लेते अमित शाह.

बंगाल सरकार ने सीमा सुरक्षा के लिए उठाये कदम

हाल ही में पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार ने इस कॉरिडोर और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़े फैसले लिये हैं. राज्य ने सीमा पर बाड़बंदी (Border Fencing) के काम को तेजी से पूरा करने के लिए 120 एकड़ भूमि बीएसएफ (BSF) को हस्तांतरित की है. बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने के लिए पहले राज्य के पीडब्ल्यूडी के अधीन आने वाले इस क्षेत्र के 7 महत्वपूर्ण राजमार्गों का प्रबंधन अब केंद्र सरकार को सौंप दिया गया है.

Amit Shah _With BSF Jawans Siliguri West Bengal News.jpg
सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह.

उत्तर कन्या में बैठकें और कोलकाता का कार्यक्रम

शनिवार को सीमा सुरक्षा की समीक्षा के बाद गृह मंत्री अमित शाह उत्तर बंगाल स्थित राज्य सचिवालय की शाखा ‘उत्तर कन्या’ में कई महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता की. बैठकों में सीमा प्रबंधन, राज्य में नये आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन तथा जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण जैसे विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा हुई. अब वह रविवार को कोलकाता में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. यहां राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक उच्चस्तरीय बैठक भी करेंगे.

ये भी पढ़ें: अमित शाह के दौरे से पहले कोलकाता में बवाल, डॉ श्यामा प्रसाद की प्रतिमा के चबूतरे पर तोड़फोड़, तनाव


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola