बिगड़ते हालात को एसीपी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने पहुंच कर संभाला
Updated at : 30 Mar 2024 9:46 PM (IST)
विज्ञापन

कांकसा : लोहा फैक्टरी में मालवाहन से कुचल श्रमिक की मौत, मैनेजर व गाड़ियों पर फूटा गुस्सा
विज्ञापन
पानागढ़.
पश्चिम बर्दवान के कांकसा थाना क्षेत्र के गोपालपुर के एक निजी लौह कारखाने में शुक्रवार देर रात माल लादने आये ट्रक की चपेट में आकर वहां के एक श्रमिक की मौत हो गयी. उसका नाम सुजय विश्वास(27) बताया गया है. घटना के बाद शनिवार सुबह कारखाना परिसर में उत्तेजना फैल गयी. गुस्साये श्रमिकों व स्थानीय ग्रामीणों ने कारखाना परिसर में मृतक के शव को रख कर विरोध प्रदर्शन किया. पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की गयी. कारखाना प्रबंधन का रुख साफ नहीं होने पर श्रमिकों ने परिसर में खड़ी एसयूवी और घातक मालवाही ट्रक में तोड़फोड़ की. इसमें दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गये. आरोप है कि उत्तेजित ग्रामीणों ने कारखाना मैनेजर विवेक सराफ की जम कर पिटाई कर दी. इसके बाद कांकसा के एसीपी सुमन कुमार जायसवाल के नेतृत्व में भारी पुलिस ने वहां पहुंच कर बिगड़ती स्थिति संभाली. उसके बाद दुर्गापुर-पश्चिम के भाजपा विधायक लखन घरुई भी वहां पहुंचे. विधायक ने शोकाकुल परिवार को मुआवजा देने की मांग की. कहा कि कारखाने के अंदर ट्रक की चपेट में आकर ड्यूटी के दौरान एक स्थानीय श्रमिक की मौत हो गयी. विधायक ने गंभीर आरोप लगाया कि हादसे के बाद कारखाना प्रबंधन की ओर से मृत श्रमिक के शव को गायब करने की कोशिश की गयी, ताकि मुआवजा देने की नौबत ना आये. हालांकि इस आरोप को नकारते हुए कारखाने के प्रबंधक विवेक सराफ ने कहा कि कोई भी हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है. इसकी सूचना उच्चधिकारियों को दी गयी है. इल्जाम लगाया कि श्रमिकों व ग्रामीणों ने कारखाना के अंदर तोड़फोड़ की. उन पर भी हमला किया गया. कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गयी. शनिवार सुबह कारखाना में मौजूद श्रमिकों व स्थानीय ग्रामीणों ने कारखाना प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. बताया गया है कि उक्त कारखाना प्रबंधन के खिलाफ वहां काम करनेवाले श्रमिकों में विभिन्न कारणों से गुस्सा है. कल रात हुई दुर्घटना के बाद शनिवार सुबह श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा. कारखाने में मृत श्रमिक का शव रख कर ग्रामीणों ने प्रतिवाद जताया. वे लोग पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे. बताया गया है कि पुलिस व विधायक के समक्ष ही गुस्साये ग्रामीणों ने कारखाना मैनेजर की जम कर पिटाई कर दी. इसके पहले मौजूद कार व ट्रक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया. बिगड़ते हालात को कांकसा के एसीपी सुमन कुमार जायसवाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने पहुंच कर संभाला. एसीपी सुमन कुमार जायसवाल ने बताया कि फिलहाल परिस्थिति नियंत्रण में है. मृत श्रमिक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल भेज दिया गया है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




