बंगाल में चुनाव के बाद 3 जिलों में खूनी झड़प, बीजेपी मंडल अध्यक्ष पर ईंट से हमला, माकपा एजेंट की पिटाई
West Bengal Post Poll Violence West Bengal Election 2026
West Bengal Post Poll Violence: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के बाद मुर्शिदाबाद, मालदा और उत्तर 24 परगना में हिंसा की घटनाएं सामने आयी हैं. बीजेपी मंडल अध्यक्ष और माकपा एजेंट पर हमले के बाद तनाव की स्थिति है. पुलिस ने जांच और गिरफ्तारियां शुरू कर दी हैं.
खास बातें
West Bengal Post Poll Violence: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए रिकॉर्ड मतदान के बाद अब हिंसा की खबरें डराने लगी हैं. राज्य के 3 प्रमुख जिलों मुर्शिदाबाद, मालदा और उत्तर 24 परगना से चुनाव बाद हिंसा (Post-Poll Violence) की घटनाएं सामने आयी हैं.
पुलिस ने 2 लोगों को किया गिरफ्तार
कहीं पोलिंग एजेंट को सरेआम पीटा गया, तो कहीं राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये. पुलिस ने इन मामलों में जांच शुरू कर दी है. अब तक 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 4 मई को आने वाले नतीजों से पहले इन घटनाओं ने प्रशासनिक अमले की नींद उड़ा दी है.
मुर्शिदाबाद में माकपा एजेंट पर सरेआम हमला
इस्लामपुर थाना क्षेत्र के लोचनपुर में माकपा (CPIM) के पोलिंग एजेंट रुहुल अमीन पर जानलेवा हमला हुआ है. परिजनों का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के एक क्षेत्रीय पदाधिकारी के नेतृत्व में अमीन को चाय की दुकान पर घेरा गया और बेरहमी से पीटा गया. चर्चा है कि जिस दुकान पर हमला हुआ, वहां के सीसीटीवी फुटेज के कुछ हिस्से हटा दिये गये हैं. हालांकि, पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद मामले की जांच तेज हो गयी है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मालदा में बीजेपी मंडल अध्यक्ष अस्पताल में भर्ती
मालदा जिले के रतुआ के उत्तर बालूपुर इलाके में भाजपा मंडल अध्यक्ष महानंदा मंडल पर हमला किया गया. आरोप है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने सड़क पर मंडल को रोककर उन पर ईंटों से वार किया. उन्हें गंभीर हालत में मालदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. बीजेपी नेता खगेन मुर्मू ने कहा कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी के कारण टीएमसी वोटिंग के दौरान हिंसा नहीं कर पयी. इसलिए अब कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है. टीएमसी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है.
इसे भी पढ़ें : बंगाल में काउंटिंग के दिन हिंसा रोकने को तैनात होंगी CAPF की 700 कंपनियां, QR कोड के बिना एंट्री नहीं
उत्तर 24 परगना में झड़प में 5 घायल, 2 की हालत नाजुक
उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज के दुलदुली काकपारा में भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प की खबर है. पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के एक-एक समर्थक को गिरफ्तार किया है. संघर्ष में कुल 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 2 की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का नतीजा है.
इसे भी पढ़ें : डायमंड हार्बर और मगराहट पश्चिम के 15 बूथों पर वोटिंग रद्द, 2 मई को फिर से होगी वोटिंग, देखें पूरी लिस्ट
West Bengal Post Poll Violence: दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से मिल रही धमकियों और झड़पों की खबरों का संज्ञान लिया गया है. पुलिस ने कहा है कि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. बंगाल में रिकॉर्ड 92.84 प्रतिशत मतदान के बाद काउंटिंग से पहले का यह तनाव राज्य में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.
इसे भी पढ़ें
बंगाल चुनाव में थर्ड जेंडर ने रचा इतिहास, दूसरे चरण में 91.28 फीसदी रिकॉर्ड मतदान, देखें आंकड़े
बंगाल में महामुकाबले के बाद अब 4 मई का इंतजार, ममता बनर्जी लगायेंगी जीत का चौका या खिलेगा कमल?
बंगाल के ‘सिंहासन’ पर कौन बैठेगा? ये 7 फैक्टर तय करेंगे चुनाव परिणाम, पढ़ें पूरा विश्लेषण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










