एक ही दिन में 14 घरों में हुई चोरी, दहशत

Published by : GANESH MAHTO Updated At : 19 Feb 2026 1:11 AM

विज्ञापन

घटनाओं की तस्वीरें पास के सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं.

विज्ञापन

सीसीटीवी कैमरे में कैद पूरी घटना पुलिस गश्त सख्त करने की मांग डायमंड हार्बर. दक्षिण 24 परगना के कालीतला-आसुति थाना क्षेत्र में एक ही दिन में 14 घरों में चोरी की घटना से इलाके में दहशत फैल गयी है. लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय लोग भयभीत हैं. कई लाख रुपये की नकदी और कीमती सामानों की चोरी होने की शिकायत सामने आयी है. घटनाओं की तस्वीरें पास के सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं. जानकारी के अनुसार, विष्णुपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कालीतला-आसुति थाना इलाके के प्लाजा क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से चोरों का आतंक बढ़ गया है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिन घरों में लोग बाहर गये हुए थे या ताला लगा था, उन्हीं को निशाना बनाया गया. चोरों ने ताला तोड़कर घरों में प्रवेश किया और नकदी, सोने-चांदी के गहने तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गये. एक घर से लगभग चार लाख रुपये की चोरी का आरोप है. एक कार्यालय से करीब एक लाख रुपये गायब होने की बात सामने आयी है. वहीं, एक अन्य घर से चांदी के आभूषण और लगभग ढाई हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं. सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को कार्यालय के अंदर घुसकर सामान खंगालते हुए देखा गया है. स्थानीय लोगों को आशंका है कि इलाके का ही कोई व्यक्ति चोरों को सूचना दे रहा है कि किस घर में कोई मौजूद नहीं है. एक महिला ने बताया, “मैं घर पर नहीं थी. लौटकर देखा तो गेट का ताला टूटा हुआ था. इस तरह की घटनाओं से हम बेहद डरे हुए हैं.” घटनाओं के विरोध में स्थानीय लोगों ने संयुक्त हस्ताक्षर कर कालीतला-आसुति थाने में शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. साथ ही रात में गश्त बढ़ा दी गयी है. इलाके के लोगों की मांग है कि पुलिस गश्त और सख्त की जाये तथा जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जाये, ताकि क्षेत्र में फिर से सुरक्षा और भरोसे का माहौल लौट सके.

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola