एचएस की अंतिम सेमेस्टर परीक्षा को लेकर शिक्षक दुविधा में, बढ़ायी जा सकती है तिथि
Published by : GANESH MAHTO Updated At : 09 Oct 2025 1:25 AM
वहीं, अंतिम सेमेस्टर को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.
कोलकाता. इस साल पहली बार 12वीं कक्षा के छात्र सेमेस्टर प्रणाली के तहत हायर सेकेंडरी (एचएस) परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जहां पहला चरण पूरा हो चुका है. वहीं, अंतिम सेमेस्टर को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. आगामी विधानसभा चुनावों के कारण परीक्षा तिथियों में बदलाव की संभावना है, जिससे शिक्षकों और छात्रों की चिंता बढ़ गयी है.
पाठ्यक्रम अधूरा, कक्षाएं अब तक शुरू नहीं
शिक्षकों का कहना है कि अभी तक नियमित कक्षाएं भी शुरू नहीं हुई हैं, जबकि पाठ्यक्रम बहुत व्यापक है. इस बारे में बातचीत करने पर नारायणदास बांगुर स्कूल के प्रधानाध्यापक संजय बरुआ ने कहा : अगर नवंबर से पढ़ाई शुरू भी होती है, तो हमारे पास सिर्फ 90 दिन होंगे. इतने कम समय में इतना बड़ा पाठ्यक्रम पूरा करना बहुत मुश्किल है.
चुनाव व छुट्टियों से बाधित हो रही पढ़ाई
राज्य में 2026 के विधानसभा चुनावों के चलते एचएस की दूसरी सेमेस्टर परीक्षा की संभावित तिथि अब 12 फरवरी 2026 बतायी जा रही है. अक्तूबर में स्कूल लगभग पूरे महीने बंद रहेंगे और आधिकारिक तौर पर 25 अक्तूबर से ही पढ़ाई शुरू होगी. इसके अलावा नवंबर में माध्यमिक परीक्षाएं, दिसंबर में पांचवीं से नौवीं तक की सारांश परीक्षाएं, शीतकालीन अवकाश और जनवरी के सरकारी त्योहार भी पढ़ाई में बाधक बनेंगे.
पाठ्यक्रम घटाने या परीक्षा स्थगित करने की मांग
पार्क इंस्टीट्यूशन के प्रधानाध्यापक सुप्रियो पांजा के अनुसार इतने कम समय में नये पाठ्यक्रम के अनुसार सभी प्रायोगिक और सैद्धांतिक भाग पूरे करना व्यावहारिक रूप से असंभव है. शिक्षकों का एक वर्ग या तो पाठ्यक्रम कम करने या परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने की मांग कर रहा है.काउंसिल ने नहीं दिये बदलाव के संकेत
हालांकि, उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव प्रियदर्शिनी मल्लिक ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल परीक्षा की तिथि या पाठ्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा. छात्रों को बिना किसी चिंता के पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए. परिषद की ओर से यह भी कहा गया है कि सभी विषयों के लिए प्रति घंटे की कक्षाएं और अंकों का बंटवारा पहले ही घोषित किया जा चुका है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










