अभया के माता-पिता से मिले सुकांत

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ सुकांत मजूमदार ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में हुई घटना में जान गंवाने वाली महिला चिकित्सक के माता-पिता से गुरुवार को मुलाकात की.
संवाददाता, कोलकाता
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ सुकांत मजूमदार ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में हुई घटना में जान गंवाने वाली महिला चिकित्सक के माता-पिता से गुरुवार को मुलाकात की. गौरतलब है कि अस्पताल में महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी थी. केंद्रीय मंत्री श्री मजूमदार ने उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर में शोक संतप्त माता-पिता से उनके निवास पर मुलाकात की. ‘अभया’ के माता-पिता ने उन्हें एक पत्र सौंपा, जिसमें मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) की जांच को लेकर अपनी शिकायतें बतायीं गयीं.
श्री मजूमदार ने मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा, ‘माता-पिता लगातार तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के हमले का सामना कर रहे हैं. राज्य प्रशासन के खिलाफ सवाल उठाते हुए न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने को लेकर तृणमूल नेताओं ने अपमानजनक बयान दिया है. मैंने उन्हें (माता पिता को) बिना किसी डर के उनका संघर्ष जारी रखने के लिए कहा है.’
भाजपा नेता ने कहा कि वह उनके (माता-पिता) द्वारा दिये गये पत्र को उचित अधिकारियों को भेजेंगे. श्री मजूमदार ने कहा, ‘उन्होंने (माता-पिता) विशेष रूप से सीबीआइ के एक अधिकारी को लेकर चिंता जतायी और उनपर जांच सही तरीके से नहीं करने का आरोप लगाया.’
आरजी कर अस्पताल में पिछले वर्ष नौ अगस्त को एक महिला प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गयी थी, जिसके बाद पूरे देश में प्रदर्शन शुरू हो गये थे.
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गुरुवार को आरजी कर बलात्कार-हत्या मामले में पीड़ित परिवार को बदनाम करने की निंदा की और कहा कि अपना समर्थन स्पष्ट करने के लिए उन्होंने उनसे मुलाकात की है. श्री मजूमदार ने यह भी आरोप लगाया कि कोलकाता पुलिस द्वारा प्रारंभिक पांच दिनों की जांच के दौरान साक्ष्य नष्ट कर दिये गये, जिससे न्याय मिलने में बाधा उत्पन्न हुई.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




