बिधाननगर रोड स्टेशन को ‘वेंडर-फ्री जोन’ घोषित करने की योजना

हाल की घटनाओं से सबक लेते हुए पूर्व रेलवे का सियालदह मंडल अपने स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए कई बड़े कदमों के साथ कई सुधारों को लागू करने जा रहा है.
दमदम जंक्शन पर भीड़ प्रबंधन के तौर-तरीकों में बड़े सुधार की तैयारी
संवाददाता, कोलकाता.
हाल की घटनाओं से सबक लेते हुए पूर्व रेलवे का सियालदह मंडल अपने स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए कई बड़े कदमों के साथ कई सुधारों को लागू करने जा रहा है. नये सुधार मंडल के प्रमुख स्टेशनों बिधाननगर रोड और दमदम जंक्शन पर उठाने की तैयारी है. भारी भीड़ और किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए बिधाननगर स्टेशन को जल्द ही “वेंडर-फ्री जोन” घोषित करने की योजना है. उक्त जानकारी सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना ने दी. बुधवार को डीआरएम भवन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिधाननगर स्टेशन पर विशेष रूप से प्लेटफॉर्म 2 पर किसी भी प्रकार के विक्रेता की अनुमति नहीं होगी. साथ ही यात्री सूचना में सुधार किया जायेगा और यात्रियों को सही दिशा निर्देश देने के लिए प्लेटफॉर्म घोषणाएं समय से पहले प्रसारित की जायेंगी.
श्री सक्सेना ने कहा कि बिधाननगर रोड से प्रतिदिन औसतन लगभग 1.7 लाख यात्री यात्रा करते हैं. ऐसे में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए कई मंडल जल्द ही व्यापक कदम उठाने जा रहा है. नयी व्यवस्था मुख्य रूप से सुव्यवस्थित प्लेटफॉर्म आवंटन और उसके कड़े अनुपालन पर केंद्रित हैं. नये बदलाव अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने में प्रभावी भूमिका निभायेंगे.
बिधाननगर रोड स्टेशन : प्लेटफॉर्म आवंटन और सुरक्षा प्रबंधन पर केंद्रित पहल : स्टेशन के चार प्लेटफॉर्मों में से विशेष रूप से प्लेटफॉर्म नंबर 2 की संकीर्ण चौड़ाई के कारण यात्रियों की भीड़ प्रबंधन में जो कठिनाई होती है, उसे दूर करने के लिए मंडल शीघ्र ही एक सख्त प्लेटफॉर्म आवंटन योजना लागू करेगा. अब से प्लेटफॉर्म एक केवल अप मेन लाइन लोकल ट्रेनों के लिए आरक्षित रहेगा, सियालदह से चलने वाली सभी अप लोकल ट्रेनें (नैहाटी, रानाघाट, कृष्णानगर, गेदे, लालगोला आदि की ओर) प्लेटफॉर्म एक पर ली जायेंगी.
जबकि प्लेटफॉर्म 2 से एक्सप्रेस/मेल और उपनगरीय लाइनों के लिए महत्वपूर्ण होगा. सभी मेल/एक्सप्रेस/पैसेंजर ट्रेनें भी इसी प्लेटफॉर्म से चलेंगी. माझेरहाट / बालीगंज दिशा से आने वाली ट्रेनें मेन लाइन की ट्रेनों में सवार होने के लिए यात्री इसी प्लेटफॉर्म का उपयोग करेंगी. सभी अप लोकल ट्रेनें (बारासात, बनगांव , हसनाबाद, डानकुनी की ओर) प्लेटफॉर्म 2 पर ली जायेंगी. इसके साथ ही भीड़ कम करने के उद्देश्य से आठ मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों (चार अप और चार डाउन) का ठहराव बिधाननगर रोड स्टेशन पर समाप्त किया जा रहा है, क्योंकि इन ट्रेनों में प्रतिदिन औसतन केवल 2–5 यात्री ही चढ़ते या उतरते हैं.
इसी तरह से दमदम स्टेशन पर होने वाली नये बदलावों की जानकारी देते हुए डीआरएम राजीव सक्सेना ने कहा कि दमदम जंक्शन, जो एक प्रमुख इंटरचेंज पॉइंट है, वहां मेन लाइन और सर्कुलर लाइन के यातायात को अलग करने के आधार पर नयी योजना तैयार की गयी है. यह योजना संक्षिप्त परीक्षण अवधि के बाद लागू की जायेगी. रेलवे द्वारा बताया गया कि उक्त नयी व्यवस्थाओं को प्रारंभिक परीक्षण अवधि के बाद स्थायी रूप से लागू किया जायेगा. सियालदह मंडल शीघ्र ही पूर्ण कार्यान्वयन की सटीक तिथि की घोषणा करेगा. पत्रकार वार्ता में डीआरएम राजीव सक्सेना के साथ सीनियर डीसीएम सियालदह मंडल जसराम मीणा, सीपीआरओ पूर्व रेलवे दीप्तिमय दत्त व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




