जुए के पैसों के विवाद में गोली मारकर तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या, एक घायल

Updated:
विज्ञापन
जुए के पैसों के विवाद में गोली मारकर तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या, एक घायल

महानगर के पाटुली थाना क्षेत्र के पूर्व फूलबागान इलाके में बुधवार व गुरुवार की दरमियानी रात एक इमारत में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना हुई. घटना में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि एक घायल हो गया. मृतक तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता बताया गया है, जिसका नाम राहुल दे (30) है.

विज्ञापन

कोलकाता.

महानगर के पाटुली थाना क्षेत्र के पूर्व फूलबागान इलाके में बुधवार व गुरुवार की दरमियानी रात एक इमारत में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना हुई. घटना में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि एक घायल हो गया. मृतक तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता बताया गया है, जिसका नाम राहुल दे (30) है. वह चटर्जी कॉलोनी इलाके का निवासी था. गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गयी. घायल युवक का नाम जीत मुखर्जी (35) है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कई अहम साक्ष्य भी जब्त किये हैं.

पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजे पाटुली थाने को एक इमारत की छत पर फायरिंग की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने राहुल और जीत नामक दो युवकों को घायल अवस्था में पाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया. राहुल के सिर में गोली लगी थी. चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरे युवक जीत के सिर में घाव था. गोली छूकर निकली थी. उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है. घायल जीत का बयान इस पूरे मामले की अहम कड़ी है. डॉक्टर की उपस्थिति में दर्ज उसके हस्ताक्षरित बयान के आधार पर पाटुली थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की.

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109, 324(4), 332(a), 238, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी है. घायल जीत के मुताबिक राहुल और वह दोनों छत पर बैठकर शराब पी रहे थे, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला नरेंद्रपुर के पंचपोटा इलाके में जुए के पैसों के विवाद से जुड़ा हुआ है. इसी रंजिश में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस हिरासत में चार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है. इनमें दीप राय उर्फ पुकाई (33), विधान बनर्जी (27), राजा बनिक (36) और जयंत घोष शामिल हैं. पहले दो आरोपी नरेंद्रपुर थाना इलाके के निवासी हैं, जबकि शेष दो नेताजीनगर के रहने वाले हैं. चारों से पूछताछ और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. घटनास्थल से पुलिस ने शराब की एक बोतल, एक खाली और एक सील्ड एनर्जी ड्रिंक का कैन, दो खाली पानी की बोतलें, चार चम्मच, छत के दो अलग-अलग स्थानों से खून के नमूने, एक खाली कारतूस, आरोपी जयंत घोष का मनी पर्स तथा आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किये हैं. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ा आपराधिक नेटवर्क सक्रिय है और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से आया और आरोपियों की पृष्ठभूमि क्या है.

पाटुली व बासंती की घटना पर आयोग ने मांगी रिपोर्ट

बाघाजतिन के पाटुली में युवक की हत्या और बासंती में रामनवमी के अवसर पर शोभायात्रा पर हमला किये जाने की घटना में चुनाव आयोग ने राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है. दोनों घटनाओं में पुलिस ने क्या कार्रवाई की है, कितने लोगों की गिरफ्तारी हुई है, इस संबंध में आयोग ने पूरी रिपोर्ट मांगी है.

विज्ञापन
Bijay Kumar

लेखक के बारे में

By Bijay Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola