बेलडांगा हिंसा की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची एनआइए की टीम

अधिकारियों ने कहा, हिंसा के सभी पहलुओं की पड़ताल करने के लिए टीम गठित की गयी है.
कोलकाता. मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में जनवरी महीने में लगातार दो दिनों तक हुई हिंसा की जांच के लिए सोमवार को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआइए) की दो टीम ने घटनास्थल का दौरा किया. एनआइए सूत्र बताते हैं कि केंद्रीय एजेंसी की टीम ने जांच के तहत कई स्थानों का दौरा किया, जिनमें बहरमपुर साइबर अपराध थाना, पंचरास्ता क्रॉसिंग, बेलडांगा नगरपालिका और स्थानीय रेलवे स्टेशन शामिल था. अधिकारियों ने कहा, हिंसा के सभी पहलुओं की पड़ताल करने के लिए टीम गठित की गयी है. बेलडांगा में 16 और 17 जनवरी को हिंसा हुई थी. 17 जनवरी को कुछ उपद्रवियों ने रेलवे गेट को नुकसान पहुंचाया, जिससे रेल और सड़क यातायात बाधित हो गया था.16 जनवरी को इलाके के एक प्रवासी श्रमिक की झारखंड में असामान्य परिस्थितियों में मृत्यु की खबर फैलने के बाद तनाव बढ़ गया था, लगभग दो दिनों तक स्थिति अस्थिर रही. बिहार में उसी क्षेत्र के एक अन्य प्रवासी श्रमिक पर हमला होने की खबर आई. इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-12 और बेलडांगा की रेलवे पटरी पर प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाया, जिससे रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ. अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को एनआइए अधिकारियों ने स्थानीय लोगों, बेलडांगा रेलवे स्टेशन प्रबंधक और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों से बातचीत की.
एनआइए ने औपचारिक रूप से शनिवार को जांच का जिम्मा संभाला था. अब आगे की जांच में और तेजी लायी जायेगी, इसकी जानकारी अधिकारियों ने दी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




