ePaper

टिकट पाने के लिए दो माह में साबित करनी होगी अपनी उपयोगिता : शाह

Updated at : 31 Dec 2025 10:49 PM (IST)
विज्ञापन
टिकट पाने के लिए दो माह में साबित करनी होगी अपनी उपयोगिता : शाह

. राज्य विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अब स्वयं कमान संभाल ली है. इस बार पार्टी ने चुनावी रणनीति की कमान भी सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों में सौंप दी है.

विज्ञापन

कोलकाता.

राज्य विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अब स्वयं कमान संभाल ली है. इस बार पार्टी ने चुनावी रणनीति की कमान भी सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों में सौंप दी है. सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर महानगर पहुंचने के बाद से ही अमित शाह ने पार्टी के राज्य से लेकर जिला व बूथ स्तर के नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक की और उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए अभी से मैदान में उतरने का निर्देश दिया. विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा की तैयारियों का जायजा लेने के अपने एजेंडे के तहत अमित शाह ने बुधवार को पार्टी के वर्तमान व पूर्व जन प्रतिनिधियों के समक्ष कार्य योजना प्रस्तुत की.

बैठक में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे. साथ ही केंद्रीय नेताओं में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल, चुनाव पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव, सह-पर्यवेक्षक बिप्लब देब, अमित मालवीय, मंगल पांडे आदि भी मौजूद थे.

केंद्रीय गृह मंत्री ने पार्टी नेताओं को दिया एकजुटता का संदेश

इस बैठक के जरिये अमित शाह ने पार्टी में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की. उन्होंने यह संकेत दिया कि भाजपा बंगाल में किसी भी तरह के अंदरूनी मतभेद को बर्दाश्त नहीं करेगी और सभी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलेगी. पार्टी का मानना है कि ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मजबूत चुनौती, तभी खड़ी की जा सकती है, जब संगठन पूरी तरह एकजुट होकर मैदान में उतरे.

चुनावी मुद्दों को लेकर हुई चर्चा

बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, बेरोजगारी और केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे विषयों को चुनावी मुद्दा बनाने पर मंथन हुआ. साथ ही यह भी तय किया गया कि पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करेगी और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जायेगा. भाजपा की यह भी रणनीति है कि राज्य सरकार की नीतियों और कार्यशैली के खिलाफ जन आंदोलन को तेज किया जाये, ताकि जनता के बीच एक वैकल्पिक नेतृत्व का भरोसा पैदा किया जा सके.

अपने क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम पांच नुक्कड़ सभा करें जन प्रतिनिधि

बैठक में उपस्थित एक नेता के अनुसार, शाह ने जन प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे अपनी जनसंपर्क क्षमता को मजबूत करने के लिए सप्ताह में कम से कम चार दिन बितायें और प्रतिदिन कम से कम पांच नुक्कड़ सभाओं में भाग लें. नेता ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए टिकट पाने की पात्रता हासिल करने के लिए नेताओं को अगले दो महीनों में पार्टी के सामने अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी. नेता ने कहा कि भाजपा के मुख्य चुनाव रणनीतिकार माने जाने वाले शाह ने पार्टी के 2024 लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों से भी उनके चुनावी अभियानों के दौरान उन्हें मिले फायदे और आयीं कठिनाइयों, उनकी जीत-हार में योगदान देने वाले कारकों के बारे में सुना और उन्हें सलाह दी कि वे चुनाव की तैयारियों के दौरान अपने-अपने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वालीं विधानसभा सीटों के बारे में अपनी समझ साझा करें. शुभेंदु अधिकारी ने बैठक में शामिल होने से पहले संवाददाताओं से कहा कि पार्टी के सभी लोगों में जोश है. हम 2026 का चुनाव जीतेंगे और इस राज्य में वास्तविक बदलाव लायेंगे.शाह ने हर क्षेत्र की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया. यह बैठक कोलकाता के सॉल्टलेक स्थित एक होटल में हुई, जिसे आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बैठक में उन्हीं नेताओं को प्राथमिकता दी गयी, जिन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने की संभावना है या जिन्हें प्रचार की अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.

आरएसएस के पदाधिकारियों के साथ भी शाह ने की बैठक

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार से बुधवार तक प्रदेश भाजपा नेताओं के साथ कई चरणों में बैठक की. शाह ने क्षेत्रवार राजनीतिक और सामाजिक हालात की विस्तृत जानकारी ली. मौजूद नेताओं से खुलकर सुझाव भी मांगे. इस बैठक में संघ और भाजपा के बीच राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय की जिम्मेदारी संभालने वाले वरिष्ठ पदाधिकारी अरुण कुमार सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे.

ठनठनिया कालीबाड़ी मंदिर में अमित शाह ने की पूजा-अर्चना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को दिल्ली रवाना होने से पहले मध्य कोलकाता के ठनठनिया कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की. करीब 300 साल पुराने इस मंदिर में अमित शाह दोपहर लगभग 3.45 बजे पहुंचे. यह मंदिर हिंदू तांत्रिक परंपरा से जुड़ा हुआ माना जाता है. पूजा-अर्चना के बाद अमित शाह सीधे हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गये, जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना हो गये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
BIJAY KUMAR

लेखक के बारे में

By BIJAY KUMAR

BIJAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola