माघ पूर्णिमा पर गंगासागर में दिखा जनसमुद्र

Published by : GANESH MAHTO Updated At : 02 Feb 2026 1:46 AM

विज्ञापन

प्रशासन के अनुसार, रविवार सुबह होते-ही माघी पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की संख्या करीब 20 लाख तक पहुंच गयी.

विज्ञापन

कोलकाता. माघी पूर्णिमा पर पुण्य लाभ की कामना के साथ गंगासागर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. रविवार तड़के से ही सागर संगम क्षेत्र जनसमुद्र में तब्दील हो गया. पूर्णिमा तिथि एक फरवरी सुबह 5.52 बजे से शुरू होकर दो फरवरी तड़के 3.38 बजे तक रहेगी. प्रशासन के अनुसार, रविवार सुबह होते-ही माघी पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की संख्या करीब 20 लाख तक पहुंच गयी.

पवित्र तिथि को लेकर भोर होने से पहले ही सागर संगम पर पुण्य स्नान शुरू हो गया. देश के विभिन्न हिस्सों से आये श्रद्धालुओं ने गंगा और बंगाल की खाड़ी के संगम में स्नान कर कपिल मुनि आश्रम में पूजा-अर्चना की. गंगासागर मेला समाप्त होने के बावजूद माघी पूर्णिमा पर उमड़ी इस भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है. तीर्थयात्रियों की सुरक्षा में सिविल डिफेंस कर्मियों की तैनाती की गयी है. जिला प्रशासन की ओर से जल और थल, दोनों मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. प्रमुख घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. मेला क्षेत्र और आसपास लगभग 500 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने के लिए परिवहन सेवाएं बढ़ायी गयी हैं. अतिरिक्त बसें और जलयान चलाये जा रहे हैं. मुड़ीगंगा नदी में यात्री पारगमन के लिए तीन बार्ज संचालित हैं. भीड़ नियंत्रण के लिए कई बफर जोन बनाये गये हैं. एक, पांच और छह नंबर स्नान घाटों पर प्रशासन की देखरेख में व्यवस्थित रूप से स्नान कराया जा रहा है.

पेयजल और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर पानी की व्यवस्था की गयी है. कचुबेड़िया, गंगासागर और बेनुवन में करीब एक हजार अस्थायी शौचालय लगाये गये हैं. श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए तीन यात्री निवास उपलब्ध हैं. सागर के बीडीओ कन्हैया कुमार राय ने पत्रकारों को बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं बढ़ायी गयी हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार माघी पूर्णिमा के दिन सागर संगम में स्नान विशेष पुण्यदायी माना जाता है.

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola