ePaper

बंगाल में सत्ता बदलें, हम घुसपैठियों को निकालेंगे : शाह

Updated at : 19 Oct 2025 12:00 AM (IST)
विज्ञापन
बंगाल में सत्ता बदलें, हम घुसपैठियों को निकालेंगे : शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य असम में घुसपैठ रुक गयी है, लेकिन पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में यह जारी है

विज्ञापन

कोलकाता/पटना. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य असम में घुसपैठ रुक गयी है, लेकिन पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में यह जारी है और वहां की सरकार अवैध प्रवासियों का ‘रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत’ कर रही है. बिहार की राजधानी पटना में एक निजी समाचार चैनल और निजी समाचार पत्र द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित समागम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने दोहराया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया ‘घुसपैठियों को चिह्नित कर हटाने’ में सहायक होगी. श्री शाह ने कहा कि यह अचंभे की बात है कि विपक्ष निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू की गयी उस प्रक्रिया पर आपत्ति जता रहा है, जिसका उद्देश्य घुसपैठियों को बाहर करना है. उन्होंने कहा कि वह एसआइआर प्रक्रिया का पूरी तरह समर्थन करते हैं. यह आखिर में पूरे देश में लागू की जायेगी. हालांकि, जब उनसे विपक्ष के इस आरोप पर सवाल किया गया कि यदि देश में घुसपैठ हो रही है तो इसकी जिम्मेदारी केंद्र में 11 साल से सत्ता में रही नरेंद्र मोदी सरकार की है, तो श्री शाह ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि लुटियंस दिल्ली में बैठे लोगों को सीमाओं की हकीकत का अंदाजा नहीं है. बांग्लादेश सीमा पर घने जंगल हैं, विशाल नदियां हैं जो बरसात में उफान पर रहती हैं. वहां बाड़ लगाना और 24 घंटे निगरानी रखना लगभग असंभव है. सुरक्षा बलों की नौकाएं भी कई बार बह जाती हैं.

असम में घुसपैठ रुकी, पर बंगाल में अवैध प्रवासियों का ‘रेड कार्पेट’ बिछाकर स्वागत हो रहा : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा: मेरा सवाल है – जब कोई व्यक्ति पड़ोसी देश से हमारे क्षेत्र में घुसता है, तो क्या यह स्थानीय थाने और पटवारी को पता नहीं चलता? ये अधिकारी चेतावनी क्यों नहीं देते? क्योंकि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है कि इन घुसपैठियों का ‘रेड कार्पेट’ बिछाकर स्वागत करो. यही कारण है कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ जारी है, जबकि असम में उस पर रोक लग चुकी है. उन्होंने पश्चिम बंगाल के लोगों से अपील की कि वे अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार को सत्ता से बाहर करें. श्री शाह ने कहा: हम राज्य से हर एक घुसपैठिये को बाहर निकाल देंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANDIP TIWARI

लेखक के बारे में

By SANDIP TIWARI

SANDIP TIWARI is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola