आरजी कर अस्पताल की लिफ्ट में फंसने से युवक की मौत, परिजनों का प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. यहां लिफ्ट में फंसने से एक युवक की मौत हो गयी.

विज्ञापन

अपने चार साल के बेटे की सर्जरी करवाने आया था अस्पताल

संवाददाता, कोलकाता

आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. यहां लिफ्ट में फंसने से एक युवक की मौत हो गयी. घटना के समय लिफ्ट ऑपरेटर की गैरमौजूदगी पर भी सवाल उठ रहे हैं. शुक्रवार सुबह से ही पीड़ित परिवार और अन्य मरीजों के परिजनों ने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, लालबाजार की होमिसाइड शाखा ने भी जांच शुरू कर दी है. उधर, राज्य स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन से इस मामले में रिपोर्ट तलब की है. इससे पहले, वर्ष 2024 में एक महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर भी यह अस्पताल सुर्खियों में रहा था.

क्या है मामला : मृतक की पहचान अरूप बनर्जी (41) के रूप में हुई है, जो दमदम के निवासी थे. यह घटना अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में हुई. जानकारी के अनुसार, अरूप अपने चार वर्षीय बेटे के टूटे हाथ के इलाज के लिए अस्पताल आये थे. बच्चे की सर्जरी होनी थी. शुक्रवार सुबह करीब 4:15 बजे अरूप को ऑपरेशन थिएटर के सामने देखा गया. इसके बाद वह अपने बच्चे और पत्नी के साथ लिफ्ट से ऊपर की मंजिल पर स्थित टॉयलेट की ओर जा रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान लिफ्ट अनियमित तरीके से चलने लगी और कई बार ऊपर-नीचे होती रही. उस समय लिफ्ट में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, लिफ्ट अंततः बेसमेंट लेवल पर पहुंच गयी, जहां बाहर लगा कोलैप्सिबल गेट अचानक खुल गया. उस समय अरूप की पत्नी और बच्चा लिफ्ट से बाहर निकल गये, लेकिन अरूप बाहर नहीं निकल सके. आरोप है कि एक जोरदार झटके के बाद लिफ्ट ऊपर जाने के बजाय नीचे चली गयी. काफी देर बाद जब लिफ्ट का दरवाजा खोला गया, तब अंदर से अरूप का शव बरामद किया गया.

क्या कहना है अस्पताल प्रबंधन का : अस्पताल के अधीक्षक प्रो डॉ सप्तर्षि चटर्जी ने बताया कि लिफ्ट के अंदर से चीखें सुनने के बाद बचाव दल बेसमेंट में पहुंचा. मृतक की नाक और मुंह से खून बह रहा था. मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया. संबंधित लिफ्ट पर एक अस्थायी ऑपरेटर की तैनाती थी, लेकिन घटना के समय वह वहां क्यों मौजूद नहीं था, इसकी जांच की जा रही है. तकनीकी पहलुओं को समझने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियरों से भी संपर्क किया गया है.

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन से मांगी रिपोर्ट : अस्पताल अधीक्षक व पोस्टमार्टम सर्जन डॉ सप्तर्षि चटर्जी ने शव का पोस्टमार्टम किया. अस्पताल प्रशासन भी जांच कर रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन से मामले में सोमवार तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola