दिलीप को लेकर नेताओं के साथ शाह ने की अहम बैठक

Updated:
विज्ञापन
दिलीप को लेकर नेताओं के साथ शाह ने की अहम बैठक

विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और भाजपा का एकजुट चेहरा प्रदर्शित करते हुए पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष को मुख्य चुनावी चेहरों में से एक के रूप में पेश किया.

विज्ञापन

कोलकाता

. विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और भाजपा का एकजुट चेहरा प्रदर्शित करते हुए पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष को मुख्य चुनावी चेहरों में से एक के रूप में पेश किया. राज्य में भाजपा की गतिविधियों में अग्रणी भूमिका से पिछले कई महीनों से काफी हद तक दूर रहे घोष को भी बंद दरवाजे के भीतर हुई इस बैठक के लिए आमंत्रित किया गया था. इस बैठक में पार्टी के सांसद, विधायक, नगर निकाय पार्षद और संगठनात्मक दायित्व संभालने वाले पदाधिकारी शामिल हुए.

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शाह ने एक अलग बैठक की, जिसमें घोष के साथ-साथ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, मौजूदा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे. यह बैठक पार्टी के पुराने और नये नेताओं के बीच मतभेदों को पाटने का संकेत है. दिलीप घोष ने कार्यक्रम स्थल से निकलते हुए पत्रकारों से कहा : मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, लेकिन आप 2026 के चुनावों में दिलीप घोष को सक्रिय भूमिका निभाते देखेंगे. मुझे अपने अनुभव साझा करने और मेरी राय जानने के लिए बुलाया गया था. दिलीप घोष को इस साल की शुरुआत में दीघा में जगन्नाथ मंदिर परिसर के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनकी मुलाकात के दृश्य टीवी पर प्रसारित होने के बाद पार्टी की पिछली पंक्ति में धकेल दिया गया था.

दिलीप घोष को बैठक में आमंत्रित किये जाने के बारे में पार्टी के एक नेता ने कहा कि दिलीप घोष के लिए तथाकथित ‘कूलिंग ऑफ’ (दूरी बनाये रखने) का समय अब समाप्त हो चुका है और आने वाले महीनों में पार्टी के लिए उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहने की संभावना है.

गौरतलब है कि दिलीप घोष को भाजपा का सबसे सफल प्रदेश अध्यक्ष माना जाता है, जिनके नेतृत्व में पार्टी विधानसभा में तीन सीट से बढ़कर 70 से अधिक सीट तक पहुंची और उसने 2019 में 18 लोकसभा सीट भी जीतीं. उनकी आक्रामक प्रचार शैली का पार्टी अपनी चुनावी प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल करने की योजना बना रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Bijay Kumar

लेखक के बारे में

By Bijay Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola