West Bengal : कांकसा बीडीओ व बीएलआरओ के समक्ष माकपा का धरना प्रदर्शन
Published by : Shinki Singh Updated At : 06 Mar 2024 5:57 PM
West Bengal : मीनाक्षी ने आगे कहा कि राज्य व केंद्र सरकार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का खेल कर रही हैं, इसे बंद कर गरीबों का अधिकार उन्हें दिया जाना चाहिए. मीनाक्षी ने पूछा - सौ दिनों के काम के रुपये किसे मिल रहे हैं, कौन दे रहा है, कोई नहीं जानता.
पानागढ़, मुकेश तिवारी : पश्चिम बर्दवान के पानागढ़ कांकसा बीडीओ और बीएलआरओ कार्यालय का माकपा ने घेराव किया. साथ ही कैडरों ने धरना प्रदर्शन किया. बुधवार को ब्लॉक अंचल से आये हजारों माकपा कैडरों. समर्थकों व आम लोगों ने लाल झंडे के तले हाथों में तख्तियां व बैनर लेकर कांकसा बीडीओ व बीएलआरओ कार्यालय का घेराव किया. इन लोगों ने मुख्य रूप से सौ दिनों के काम की मनरेगा स्कीम और आवास योजना के तहत भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. इससे पहले कांकसा मोल्लापाड़ा से कैडरों का विशाल जुलूस निकाला गया, जो बीडीओ व बीएलआरओ कार्यालय पहुंचा, जहां प्रतिवाद सभा की गयी. विरोध जुलूस में माकपा के सहायक संगठनों किसान मोर्चा, खेत मजदूर यूनियन, श्रमिक, युवा,छात्र, महिला समेत अन्य संगठनों के सदस्यगण मौजूद थे.
तृणमूल व भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी
राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की गयी. आरोप लगाया गया कि मौजूदा राज्य सरकार की शह पर सौ दिनों के काम की मनरेगा और आवास योजना, शिक्षा, राशि आदि में घपला किया गया है. मौके पर माकपा के युवा संगठन डीवाइएफआइ की प्रदेश सचिव मीनाक्षी मुखर्जी ने बीडीओ, बीएलआरओ और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को इंगित कर कहा कि गरीबों व मजलूमों को उनके हक से वंचित नहीं किया जा सकता. जब तक हमें उपयुक्त उत्तर नहीं मिलेगा, तब तक यह धरना प्रदर्शन अनिश्चितकाल के लिए चलेगा.
राज्य व केंद्र सरकार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का खेल कर रही हैं : मीनाक्षी मुखर्जी
मीनाक्षी ने आगे कहा कि राज्य व केंद्र सरकार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का खेल कर रही हैं, इसे बंद कर गरीबों का अधिकार उन्हें दिया जाना चाहिए. मीनाक्षी ने पूछा – सौ दिनों के काम के रुपये किसे मिल रहे हैं, कौन दे रहा है, कोई नहीं जानता. माकपा की युवा नेता ने कहा कि आसन्न लोकसभा चुनाव में हर बूथ से एक इंच भी जमीन नहीं छोड़ी जायेगी. मंच पर माकपा नेता वीरेश मंडल, कौस्तुभ चटर्जी, रथीन राय, पंकज राय सरकार आदि नेतागण मौजूद थे. बाद में पूछने पर मीनाक्षी मुखर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव व विधानसभा चुनाव कैसे हुए हैं, यह किसी से छिपा नहीं है. लोगों के मताधिकार का हनन किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










