खेतिहर जमीन से काट ले रहे मिट्टी आरोपों के घेरे में ईंटभट्ठा मालिक

पश्चिम बर्दवान के कांकसा थाना क्षेत्र के विदबिहार ग्राम पंचायत के बासुदेवपुर इलाके में उपजाऊ खेतिहर भूमि से मिट्टी को खोद कर ईंटभट्ठे में लगाने का आरोप है.
पानागढ़. पश्चिम बर्दवान के कांकसा थाना क्षेत्र के विदबिहार ग्राम पंचायत के बासुदेवपुर इलाके में उपजाऊ खेतिहर भूमि से मिट्टी को खोद कर ईंटभट्ठे में लगाने का आरोप है. इससे स्थानीय किसानों व ग्रामीणों में नाराजगी है. बुधवार को स्थानीय किसानों ने मामले को लेकर ईंटभट्ठा मालिकों के खिलाफ रोष जताया. किसानों की शिकायत है कि मामले में प्रतिवाद करने पर ईटभट्ठा के मालिक उन्हें धमका रहे हैं. ईटभट्ठा के लोग जेसीबी मशीनें लगा कर एक के बाद कई खेतों से मिट्टी खोद कर ले जा रहे हैं. इस संबंध में स्थानीय किसानों ने कांकसा ब्लॉक के भू एवं भू-राजस्व विभाग से कड़ी कार्रवाई करने का आह्वान किया है. चेतावनी दी कि यदि संबद्ध विभाग ने इस दिशा में जल्द उपयुक्त कदम नहीं उठाया, तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा. कांकसा पंचायत समिति के सभापति भवानी प्रसाद भट्टाचार्य ने कहा कि अवैध रूप से खेतिहर जमीन से मिट्टी काटने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.किसान बुद्धदेव घोष का आरोप है कि बासुदेवपुर मौजा के अंतिम छोर पर ईंटभट्ठा मालिक भूपेन देवासी की जमीन है. बगल ही बुद्धदेव की जमीन है. वहां से दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के गौरबाजार ग्राम पंचायत के श्यामसुंदरपुर मौजा शुरू होता है. आरोप लगाया कि अपनी भूमि से मिट्टी काटने के साथ भूपेन अगल-बगल की खेतिहर जमीन पर जेसीबी मशीन लगा कर मिट्टी काट ले रहा है. ताकत व प्रभाव की बदौलत खेतिहर जमीन का एक हिस्सा अवैध रूप से काटा जा रहा है. इससे वहां की खेतिहर जमीनें ऊबड़-खाबड़ हो गयी हैं. इससे खेती-बारी में भारी दिक्कत हो रही है.
बुद्धदेव के अनुसार भूपेन को कई बार उन लोगों ने खेतिहर भूमि से मिट्टी काटने पर रोका, लेकिन वह नहीं माना. इल्जाम के मुताबिक वह लगातार अवैध रूप से आसपास के खेतों में जेसीबी लगा कर मिट्टी काट रहा है. मामले में स्थानीय गौराबाजार व विदबिहार ग्राम पंचायत के सदस्यों को भी सूचित किया गया है. इसकी शिकायत दुर्गापुर-फरीदपुर भूमि एवं भू-राजस्व विभाग से भी की गयी है. फिर भी हालात नहीं बदले हैं.
उधर, लगाये गये आरोपों को सिरे से नकारते हुए ईटभट्ठा मालिक भूपेन देवासी ने कहा कि वह अपनी जमीन को समतल करने के लिए मिट्टी काट रहा है. किसी अन्य की खेतिहर जमीन से मिट्टी नहीं काटी है. दावा किया कि वह नियमों के अनुरूप पंचायत की सहमति से ऐसा कर रहा है. इस बाबत दुर्गापुर-फरीदपुर के भूमि एवं भू-राजस्व विभाग के प्रभारी अधिकारी सुवर्ष मुखोपाध्याय ने कहा कि किसी की भूमि से ऐसे मिट्टी नहीं काटी जा सकती. इसे लेकर जल्द ही पुलिस के साथ अभियान चलाया जायेगा. जांच में जो भी दोषी पाये जायेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




