मंत्री अग्निमित्रा पाल के नाम पर पैसा वसूल रही बेबी सरकार, गुस्सायी महिलाओं ने किया सड़क जाम
प्रदर्शनकारी महिला
आसनसोल में महिलाओं ने राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल के नाम का इस्तेमाल कर कथित तौर पर पैसे वसूलने वाली बेबी सरकार के खिलाफ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. महिलाओं ने थाने में शिकायत दर्ज कराई और कड़ी कार्रवाई की मांग की.
आसनसोल से संतोष विश्वकर्मा की रिपोर्ट
आसनसोल के मनोज सिनेमा हॉल के पास सोमवार को कई महिलाओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बेबी सरकार नाम की एक महिला के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. कुछ देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस के आश्वासन पर सड़क जाम हटा लिया गया. प्रदर्शनकारियों ने बाद में थाने में बेबी सरकार के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई और जल्द कार्रवाई की मांग की.
मंत्री का नाम लेकर बनाती है प्रभाव
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि बेबी सरकार राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल के घर पर काम करती हैं और कथित तौर पर मंत्री के नाम का प्रभाव दिखाकर स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने का काम करती हैं. महिलाओं का यह भी दावा है कि वह मंत्री के यहां काम करने वाले पंकज दास का नाम भी लेती हैं और लोगों पर प्रभाव बनाने की कोशिश करती हैं. हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, मंत्री अग्निमित्रा पाल की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हुआ है.
स्थानीय लोगों ने लगाये गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बेबी सरकार ने मंत्री अग्निमित्रा पाल और पंकज दास का नाम लेकर लोगों से काम करवाने का दावा किया और इसी नाम पर कथित तौर पर लाखों रुपये लिए. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस तरह के आरोपों से न केवल मंत्री अग्निमित्रा पाल की छवि प्रभावित हो रही है, बल्कि भाजपा और मंत्री के साथ काम करने वाले लोगों का नाम भी बदनाम हो रहा है. बेबी सरकार की ओर से लगाए गए आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
पैसे मांगने पर धमकी और मारपीट
एक बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने बेबी सरकार को करीब 80 हजार रुपये उधार दिए थे. महिला के मुताबिक, उनके बेटे और बेटी की मौत के बाद अब वह अपने पोते-पोतियों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उठा रही हैं. इसी वजह से जब उन्होंने बेबी सरकार से उधार दिए गए पैसे वापस मांगे, तो कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई. दर्शन में शामिल एक अन्य महिला ने अपने पति से जुड़े एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उनके पति को बलात्कार के आरोप में थाने में रहना पड़ा था. बाद में उन्हें जमानत मिल गई.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पुलिस से कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बेबी सरकार के खिलाफ पहले भी थाने में शिकायतें की गई थीं, लेकिन कथित तौर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. इसी वजह से सोमवार को महिलाओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि आखिर किसके प्रभाव या संरक्षण के कारण कथित तौर पर उनकी शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को मामले की जांच तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए