हादसे से सहमा वृंदावन! 3 साल से बन रहे मॉल की अचानक गिरी शटरिंग, मलबे में दबकर 3 मजदूरों की गई जान, 1 गंभीर
मॉल की अचानक गिरी शटरिंग
UP News: वृंदावन के ओमैक्स मॉल में शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. यह हादसा तब हुआ जब मजदूर काम कर रहे थे. पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं.
UP News: मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन ओमैक्स मॉल में शटरिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया. रुकमणि विहार स्थित मॉल में काम कर रहे चार मजदूर शटरिंग के मलबे में दब गए. हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है. घायल को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.
काम के दौरान अचानक नीचे गिरी शटरिंग
रुकमणि विहार गोल चक्कर के पास ओमैक्स की ओर से मॉल का निर्माण कराया जा रहा है. शुक्रवार सुबह करीब सात बजे मजदूर शटरिंग का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक शटरिंग टूटकर नीचे गिर गई और उसके मलबे में चार मजदूर दब गए. आसपास मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी को मलबे से बाहर निकाला. मौके पर ही एक मजदूर की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य मजदूरों को सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतकों में पश्चिम बंगाल और नेपाल के मजदूर शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रफ्यूल (28), शिवराम (42) और आलम (30) के रूप में हुई है. रफ्यूल और आलम पश्चिम बंगाल के कूच बिहार के रहने वाले थे, जबकि शिवराम नेपाल के कैलाली जिले के सिमरी जोशीपुर, वार्ड-06 निवासी थे. वहीं घायल मजदूर दिलदार सिंह (45), निवासी कूच बिहार, पश्चिम बंगाल के सिर में चोट लगी है. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
तीन साल से चल रहा था निर्माण, रोज काम करते हैं करीब 50 मजदूर
बताया गया कि मॉल के इस हिस्से में करीब तीन साल से निर्माण कार्य चल रहा है और यहां रोजाना लगभग 50 मजदूर काम करते हैं. हादसे के समय पांच मजदूर काम में लगे थे, लेकिन इनमें से एक कुछ देर के लिए वहां से चला गया था, जिससे वह हादसे की चपेट में आने से बच गया. सूचना के बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शटरिंग गिरने से चार मजदूर दबे थे, जिन्हें बाहर निकाल लिया गया. इनमें तीन की मौत हुई है, जबकि घायल मजदूर को इलाज के लिए आगरा भेजा गया है. मृतक शिवराम की रिश्तेदार मनीषा ने बताया कि वह 6 अगस्त को काम पर आए थे और 7 अगस्त से काम शुरू किया था. वहीं, जिला संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर के अनुसार, दिलदार सिंह को सिर में चोट के साथ अस्पताल लाया गया था और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर किया गया.
Must Read- Gen Z से लेकर बाढ़ तक... मायावती ने सरकार को घेरा, कहा- वंदे मातरम् के नाम पर राजनीति सही नहीं!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कोमल अग्रवाल
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए