बाराबंकी में कार के अंदर मिली व्यापारी की लाश, कैंसर से था पीड़ित, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस
यूपी क्राइम न्यूज
लखनऊ के लोनीकटरा में कार में व्यापारी मुकेश वर्मा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कैंसर और पैसों की तंगी से जूझ रहे व्यापारी की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह सवाल बना हुआ है।
UP Crime News: लखनऊ-बाराबंकी स्थित त्रिवेदीगंज के लोनीकटरा क्षेत्र में रविवार सुबह नहर की पटरी पर एक सुनसान जगह पर खड़ी कार में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान लखनऊ के गोसाईंगंज के दहिरामऊ निवासी व्यापारी मुकेश वर्मा के रूप में हुई है. विशुनपुर गांव के पास नहर की पटरी पर शनिवार सुबह एक कार में युवक अचेत अवस्था में पड़ा था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोला तो चालक की सीट पर युवक की मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कार से बाहर निकलवाया. मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया. लोगों में हत्या और आत्महत्या दोनों की आशंका को लेकर चर्चा बनी हुई है.
कार नंबर से हुई पहचान
पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान कर उसके स्वजन को सूचना दी. कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त मुकेश वर्मा के रूप में की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. कार में शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. व्यापारी अपनी कार लेकर सुनसान इलाके तक कैसे पहुंचा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि चालक की तरफ का दरवाजा अनलॉक था, जबकि बाकी तीन दरवाजे लॉक मिले हैं. मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगा.
मुंह में था कैंसर, जमीन के पैसे को लेकर था परेशान
मृतक की पत्नी तरुण चौधरी ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम मुकेश घर से निकले थे. कुछ देर बाद फोन पर बात हुई और फिर उनका फोन स्विच ऑफ हो गया. उन्होंने बताया कि मुकेश के मुंह में कैंसर था, जिसके ऑपरेशन के लिए एक जमीन बेची थी. जमीन के पूरे पैसे नहीं मिले थे और रुपये मांगने पर खरीदार आनाकानी करते हुए धमकी दे रहा था.
'बच्चों का ध्यान रखना' - दोस्त को भेजा था मैसेज
लोनीकटरा कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने का प्रतीत हो रहा है. मौके पर उल्टी होना, कैंसर से पीड़ित होना और रुपये की दिक्कत के साथ ही मुकेश ने शनिवार को अपने एक मित्र को व्हाट्सएप पर मैसेज भी भेजा था कि 'उसके बच्चों का ध्यान रखना'. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, इसके साथ ही कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है.
यह भी पढ़ें: 5 हजार साल पुराना वो राज! पहली भागवत कथा किसने और किसे सुनाई थी? CM योगी ने बताया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए