नेशनल किकबॉक्सिंग में गोरखपुर के सनी सिंह का दमदार प्रदर्शन, कई राज्यों के खिलाड़ियों को हराकर जीता कांस्य, अब कंबोडिया में दिखाएंगे दम
सनी सिंह (फाइल फोटो)
Gorakhpur News: गोरखपुर के किकबॉक्सर सनी सिंह ने नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अपना चौथा राष्ट्रीय पदक हासिल किया है. अब वे कंबोडिया में एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के सनी सिंह ने किकबॉक्सिंग की रिंग में एक बार फिर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया है. नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर लगातार चौथे साल राष्ट्रीय स्तर पर पदक अपने नाम किया. सनी ने पंजाब, केरल, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के खिलाड़ियों को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. अब उनकी नजर दिसंबर 2026 में कंबोडिया में होने वाली एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप पर है, जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
पंजाब, केरल और बंगाल के खिलाड़ियों को दी मात
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में सनी सिंह का मुकाबला देश के अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ियों से हुआ. उन्होंने पंजाब, केरल, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के खिलाड़ियों को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. सेमीफाइनल तक पहुंचने के साथ ही उनका पदक पक्का हो गया और उन्होंने उत्तर प्रदेश की झोली में कांस्य पदक डाला. मुकाबलों में सनी ने आक्रामक खेल के साथ तकनीक और फिटनेस का प्रदर्शन किया.
दिसंबर में कंबोडिया में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के साथ सनी ने एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप के ट्रायल में भी हिस्सा लिया. बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एशियन चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह पक्की की है. अब दिसंबर 2026 में कंबोडिया में होने वाली आधिकारिक एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में सनी भारतीय टीम का हिस्सा होंगे और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
सिसा स्पोर्ट्स एकेडमी में करते हैं अभ्यास
सनी सिंह गोरखपुर के वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित सिसा स्पोर्ट्स एकेडमी में नियमित अभ्यास करते हैं. पढ़ाई के साथ वह लंबे समय से किकबॉक्सिंग की तैयारी कर रहे हैं. सनी डीडीयू के एमए विभाग के छात्र हैं. लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनका प्रदर्शन उनकी मेहनत और अनुशासन को दर्शाता है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हासिल कर चुके हैं पदक
सनी सिंह इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं. वर्ष 2025 और 2026 में उन्होंने दो बार अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग पदक जीते. वर्ष 2024 में उज्बेकिस्तान में आयोजित WAKO किकबॉक्सिंग वर्ल्ड कप में उन्होंने शीर्ष 10 खिलाड़ियों में पांचवीं वैश्विक रैंक हासिल की थी. वहीं वर्ष 2025 में यूएई में आयोजित WAKO वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने शीर्ष 20 खिलाड़ियों में नौवीं वैश्विक रैंक हासिल की. वर्ष 2024 में उन्होंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटीज गेम्स में गोरखपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व भी किया था.
5 हजार से अधिक छात्राओं को दिया आत्मरक्षा प्रशिक्षण
किकबॉक्सिंग के अलावा सनी सिंह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं. मिशन अपराजिता के तहत उन्होंने गोरखपुर के अलग-अलग स्कूलों और कॉलेजों में 5,000 से अधिक छात्राओं को नि:शुल्क आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया है. उनका उद्देश्य छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के लिए आत्मनिर्भर बनाना है.
विश्वविद्यालय और खेल जगत ने दी बधाई
सनी की उपलब्धि पर गोरखपुर विश्वविद्यालय, खेल विभाग और जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताई है. विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. केपी सिंह ने कहा कि सनी ने पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है. सांसद एवं प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस रवि किशन शुक्ला ने भी सनी को बधाई दी और लगातार चौथे साल राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने को बड़ी उपलब्धि बताया. क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर ने भी उनके प्रदर्शन की सराहना की.
अब कंबोडिया में पदक पर नजर
लगातार चौथे साल राष्ट्रीय पदक जीतने के बाद सनी सिंह का अगला लक्ष्य एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करना है. दिसंबर 2026 में कंबोडिया में होने वाली प्रतियोगिता में वह भारतीय टीम का हिस्सा होंगे. अब उनकी कोशिश अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए पदक जीतने की होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए