UP Weather Alert: UP के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ में आफत, चलेंगी तेज रफ्तार हवाएं

Updated:
विज्ञापन

झमाझम बारिश से राहत, जलभराव और जाम ने बढ़ाई लखनऊवासियों की मुश्किलें

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है, जिससे दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ में बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं जलभराव और जाम ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दीं।

विज्ञापन

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून का असर अभी जारी है. आज प्रदेश के दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. तराई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. वहीं, पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने से आने वाले दिनों में बारिश का जोर धीरे-धीरे कम हो सकता है. शुक्रवार को लखनऊ में हुई झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन जलभराव और जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी.

विज्ञापन

दक्षिणी यूपी में आज भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर एक निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है. इसके अलावा निचले क्षोभमंडल में उत्तरी हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इन मौसमी सिस्टम का असर आज उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा. मानसूनी द्रोणी मेरठ और कानपुर से होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. इसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

तराई इलाकों में भी बारिश की संभावना

दक्षिणी जिलों के साथ तराई क्षेत्र में भी बारिश के हालात बने रहेंगे. यहां हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हालांकि, प्रदेश में पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ रही है. इसका असर बारिश पर भी पड़ेगा. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है.

लखनऊ में झमाझम बारिश, सड़कों पर भर गया पानी

शुक्रवार शाम लखनऊ में हुई तेज बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई. लेकिन कुछ ही देर की बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया. शाम करीब पांच बजे के बाद लगभग आधे घंटे तक जोरदार बारिश हुई. इसके बाद कई सड़कें पानी से भर गईं. दफ्तर से घर लौट रहे लोगों को काफी परेशानी हुई. डालीगंज अंडरपास से गुजर रही कई गाड़ियां जलभराव में फंसकर बंद हो गईं. लोग पानी के बीच अपनी गाड़ियों को पैदल खींचते नजर आए. बुद्धा पार्क के सामने और डालीबाग की गलियों में भी पानी भर गया. बटलर चौराहे पर भी जलभराव रहा. गोमतीनगर से हजरतगंज जाने वाले लोगों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ा.

कानपुर रोड पर बारिश के बाद भीषण जाम

लखनऊ एयरपोर्ट के पास कानपुर रोड पर बारिश के बाद भीषण जाम लग गया. शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बारिश शुरू होते ही सड़क पर जलभराव होने लगा. इससे यातायात की रफ्तार थम गई.बारिश करीब दो घंटे तक जारी रही. बारिश रुकने के बाद भी यातायात सामान्य नहीं हो सका. रात करीब नौ बजे तक वाहन रेंगते नजर आए.

शहीद पथ से नादरगंज तक लगी वाहनों की कतार

अमौसी एयरपोर्ट के पास शहीद पथ तिराहे से नादरगंज तिराहे तक करीब चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. शहीद पथ तिराहे से एयरपोर्ट वीआईपी तिराहे तक लखनऊ आने वाली पटरी पर भारी जलभराव हो गया था. सड़क पर पानी भरने से वाहनों के लिए रास्ता संकरा हो गया. इससे उनकी रफ्तार बेहद धीमी हो गई. जाम का असर सरोजनीनगर के शहीद पथ तिराहे से नादरगंज तक दिखाई दिया. कानपुर रोड पर जाम के कारण शहीद पथ से हज हाउस तक वाहन रेंगते रहे.

बारिश थमी तो बढ़ गया वाहनों का दबाव

बारिश के दौरान जलभराव से बचने के लिए बड़ी संख्या में वाहन चालक और राहगीर सड़क किनारे या आसपास के स्थानों पर रुक गए थे.बारिश थमने के बाद जब लोग एक साथ अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए तो सड़क पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया. देखते ही देखते यातायात व्यवस्था चरमरा गई और लंबा जाम लग गया.करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. जाम का असर सरोजनीनगर के शहीद पथ तिराहे से लेकर नादरगंज तक दिखाई दिया.

तीन नंबर से शहीद पथ तिराहे तक सबसे ज्यादा परेशानी

सबसे ज्यादा परेशानी तीन नंबर से शहीद पथ तिराहे के बीच हुई. यहां सड़क की एक पटरी पर बारिश का पानी भर गया था. इससे सड़क का करीब आधा हिस्सा वाहनों के आवागमन के लिए बाधित हो गया. सड़क संकरी होने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई. पीछे से आने वाले वाहनों की कतार लगातार बढ़ती चली गई. कानपुर रोड पर लगे जाम का असर एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सड़क पर भी पड़ा. एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों सहित स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

देर रात तक सामान्य नहीं हुआ यातायात

बारिश थमने के काफी देर बाद भी जलभराव और वाहनों के बढ़े दबाव के कारण यातायात सामान्य नहीं हो पाया. रात करीब नौ बजे तक वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे. बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव और जाम ने राजधानी की यातायात व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा दीं.

Also Read: लखनऊ हत्याकांड: 2 दिन रेकी, 30 मिनट में खेल खत्म, डेढ़ करोड़ की रकम बनी मौत की वजह


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola