UP News: किसान नेताओं से कथित थर्ड डिग्री पर घिरी योगी सरकार, अखिलेश-चंद्रशेखर ने उठाए सवाल

Updated:
विज्ञापन

थर्ड डिग्री के आरोपों पर गरमाई सियासत

UP News: मेरठ में किसान नेताओं दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ पुलिस हिरासत में कथित मारपीट और थर्ड डिग्री के आरोपों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है.

विज्ञापन

UP News: किसान नेताओं दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव से कथित मारपीट और थर्ड डिग्री के आरोपों ने मेरठ से लेकर लखनऊ तक सियासी हलचल बढ़ा दी है. दोनों ने तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय पर मारपीट और यातना देने के गंभीर आरोप लगाए हैं. मामला सामने आने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है.

विज्ञापन

किसान नेताओं के आरोपों से गरमाया मामला

मेरठ में किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ पुलिस हिरासत में कथित बर्बरता का मामला शुक्रवार को चर्चा में रहा. आरोप है कि दोनों को एसएसपी कार्यालय बुलाया गया था. यहां उनके साथ मारपीट की गई. इसके बाद उन्हें एसओजी के हवाले कर दिया गया. पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में उन्हें थर्ड डिग्री दी गई. उनके पैर बांधकर उल्टा लटकाने और फट्टों व लाठियों से पीटने का भी आरोप लगाया गया है. इन आरोपों के बाद पुलिस की कार्यशैली और जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं.

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस मामले को लेकर भाजपा सरकार को घेरा. उन्होंने किसान नेताओं के साथ कथित थर्ड डिग्री को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए. अखिलेश यादव ने लिखा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में किसान नेताओं को थाने में थर्ड डिग्री देकर प्रताड़ितकरना बताता है कि हार के डर से भाजपा कितनी बौखलाई हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वाली सरकार के कार्यकाल में किसान नेताओं के साथ ही अत्याचार किया जा रहा है.

‘गहरी जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो’

अखिलेश यादव ने मामले की गहरी जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने दोषियों की बर्खास्तगी की मांग भी की. अखिलेश ने अपनी पोस्ट के साथ डॉ. दिग्विजय भाटी की घायल हालत की तस्वीर भी साझा की.

चंद्रशेखर बोले- ‘यह पुलिसिंग नहीं, वर्दी की ताकत का दुरुपयोग’

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने भी मामले पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि मेरठ में मोहित जाटव और दिग्विजय भाटी के साथ पुलिस हिरासत में हुई कथित बर्बरता कानून-व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है. चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री जी, यह पुलिसिंग नहीं बल्कि वर्दी की ताकत का खुला दुरुपयोग है. उन्होंने पीड़ितों के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय पर दोनों को कार्यालय बुलाकर गाली देने और चैंबर बंद कर मारपीट करने के आरोप हैं.

सीसीटीवी और स्वतंत्र मेडिकल जांच की मांग

चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश सरकार से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराए जाएं और पीड़ितों का स्वतंत्र मेडिकल परीक्षण कराया जाए. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.

‘वर्दी कानून से बड़ी नहीं’

चंद्रशेखर ने कहा कि किसी भी अधिकारी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्दी कानून से बड़ी नहीं हो सकती. आम नागरिकों की आवाज को पुलिसिया ताकत के बल पर दबाना स्वीकार नहीं किया जा सकता. दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के लगाए आरोपों ने अब मामले को सियासी रंग दे दिया है. एक तरफ विपक्ष पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं आरोपों की जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय होने की तस्वीर साफ होगी.

Also Read: UP Weather Alert: UP के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ में आफत, चलेंगी तेज रफ्तार हवाएं


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola