यूपी के 37 जिलों में अगले 3 घंटे चुनौतीपूर्ण, IMD ने जारी की भारी बारिश और ठनका का अलर्ट, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

यूपी में भारी बारिश की तस्वीर
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में अगले 3 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने 37 जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. जानिए किन जिलों में ऑरेंज अलर्ट है और कब तक राहत की उम्मीद है.
UP Weather Alert: यूपी में अगले 3 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने रिपोर्ट जारी कर 37 जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कई इलाकों में बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है. मिर्जापुर, प्रयागराज और लखनऊ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कानपुर, मेरठ, सहारनपुर समेत कई जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है.
प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने 20 जुलाई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़े कमजोर ऊपरी चक्रवातीय परिसंचरण के कारण उत्तर प्रदेश में मानसून अत्यधिक सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 22 जुलाई तक भारी से बहुत भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि 20 जुलाई के लिए कई क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 25 जुलाई तक विशेष रूप से दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी वर्षा का येलो वार्निंग प्रभावी रहेगी.
यूपी में अब तेज वर्षा की उम्मीद
20 जुलाई 2026 तक के मानसून सीजन के आंकड़ों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 197.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 294.3 मिमी होनी चाहिए थी, यानी लगभग 33 प्रतिशत की कमी बनी हुई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 214.0 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य 226.8 मिमी की तुलना में 6 प्रतिशत कम है. पूरे प्रदेश में अब तक 204.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य औसत 266.2 मिमी है, जिससे प्रदेश में कुल वर्षा 23 प्रतिशत कम बनी हुई है। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी दिनों में होने वाली व्यापक बारिश से इस कमी में कुछ हद तक सुधार हो सकता है.
20 और 21 जुलाई को अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 जुलाई को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा और बौछारें पड़ने की बहुत अधिक संभावना है. 22 और 23 जुलाई को अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि 24 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है. मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.
यूपी के इन जिलों में रेड अलर्ट के साथ चेतावनी
20 जुलाई से 21 जुलाई तक बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली, बदायूं, संभल, कासगंज, एटा, रामपुर, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और जालौन सहित अनेक जिलों में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है. इन क्षेत्रों में जलभराव, तेज बहाव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका है.
मेघगर्जन, वज्रपात और प्रशासन के लिए सतर्कता की सलाह
मौसम विभाग ने वर्षा के साथ कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी दी है. विशेष रूप से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है. किसानों को खेतों में कार्य करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने तथा स्थानीय प्रशासन को जलभराव वाले क्षेत्रों, निचले इलाकों और नदी किनारे बसे गांवों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. मौसम विभाग ने कहा है कि नागरिक समय-समय पर जारी आधिकारिक मौसम बुलेटिन और चेतावनियों का पालन करें.
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में बरेली (174 मिमी), मुहम्मदी-खीरी (160 मिमी), बिलासपुर-रामपुर (152.4 मिमी), पवायां-शाहजहांपुर (150.3 मिमी), महसी-बहराइच (127 मिमी), शाहजहांपुर वेधशाला (125.2 मिमी), भिनगा-श्रावस्ती (122 मिमी) और हसनगंज-उन्नाव (119 मिमी) में भारी से बहुत भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा चंदौली, बलिया, प्रयागराज, बहराइच, बाराबंकी, गोंडा, लखीमपुर खीरी, बरेली और अन्य जिलों में भी अच्छी वर्षा दर्ज हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में बारिश का यह दौर जारी रहेगा, इसलिए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: यूपी में अगले 7 दिन भारी बारिश और वज्रपात का खतरा, आज-कल 33 जिलों में जलप्रलय जैसे हालात की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










