17 करोड़ के जाली नोटों से PNB में हड़कंप! असली के बदले नकली डालने का शक, 3 बैंक अधिकारी निलंबित

Updated:
विज्ञापन

पीएनबी करंसी चेस्ट में करोड़ों के जाली नोटों से हड़कंप

UP News: सहारनपुर के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट से 17 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने से हड़कंप मच गया है. शुरुआती जांच में तीन बैंक अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिन्हें निलंबित कर दिया गया है. पुलिस SIT गठित कर मामले की गहन जांच कर रही है.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट से करीब 17 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के बाद हड़कंप मच गया है. शुरुआती जांच में शक है कि करेंसी चेस्ट में नकली नोट जमा कराए गए और उनके बदले असली नोट निकाल लिए गए. मामले में तीन बैंक अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध मिलने पर बैंक प्रबंधन ने उन्हें निलंबित कर दिया है. पुलिस ने जांच के लिए SIT गठित की है, जबकि बैंक मुख्यालय की टीम भी पूरे मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

तीन बैंक अधिकारी निलंबित

जिन बैंक अधिकारियों को निलंबित किया गया है, उनमें मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और करेंसी चेस्ट खेरा बाजार जगाधरी के प्रबंधक अमित कुमार शामिल हैं. पीएनबी के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की ओर से कोतवाली सदर बाजार में तीनों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था. जांच में भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद बैंक ने यह कार्रवाई की. करेंसी चेस्ट में नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने वाले पार्ट टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार को भी काम से हटा दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करेंसी चेस्ट तक इतनी बड़ी संख्या में जाली नोट आखिर पहुंचे कैसे.

पहले 7.40 करोड़ के नोट मिले, फिर बढ़ता गया आंकड़ा

मामले की शुरुआती जांच में करेंसी चेस्ट से 148 बंडल जाली नोट बरामद हुए थे. हर बंडल में 500 रुपये के एक हजार नोट थे. इस हिसाब से पहले करीब 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट सामने आए थे. जांच आगे बढ़ने के साथ जाली नोटों की कुल रकम बढ़कर करीब 17 करोड़ रुपये पहुंच गई. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जाली नोटों को करेंसी चेस्ट में किस तरह जमा कराया गया और उनके बदले असली मुद्रा किस तरीके से बाहर निकाली गई.

CCTV में नोटों की गड्डियों से छेड़छाड़

करेंसी चेस्ट की CCTV फुटेज में हाउसकीपर विशाल कुमार गड्डियों से नोट निकालता हुआ दिखाई दे रहा है. करेंसी चेस्ट में नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी उसी के पास थी. फुटेज और दूसरे रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. जांच आगे बढ़ने पर कुछ और बैंक अधिकारियों और शाखा प्रबंधकों की भूमिका भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है.

हरियाणा और उत्तराखंड में भी पुलिस की दबिश

नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें हरियाणा, उत्तराखंड और आसपास के जिलों में दबिश दे रही हैं. दो नामजद बैंक प्रबंधकों के यमुनानगर का रहने वाला बताया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में शामिल दूसरे लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं.

DIG बोले- साजिश में कई और लोग हो सकते हैं

डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है. उन्होंने कहा कि जाली नोटों से जुड़ी इस साजिश में कई और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं. मामले के खुलासे के बाद खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है.

अधिकारियों ने करेंसी चेस्ट पहुंचकर रिकॉर्ड खंगाले

सोमवार को डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह सोफिया मार्केट स्थित पीएनबी करेंसी चेस्ट पहुंचे. अधिकारियों ने वहां रिकॉर्ड की जांच की और पूरे मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई. वहीं, सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय जांच एजेंसियां भी इस मामले की जांच के लिए किसी भी दिन जिले में पहुंच सकती हैं.

Also Read:कौशांबी में बारूद के ढेर पर धमाका: 11 जिंदगियां खाक, PM मोदी-राष्ट्रपति मुर्मू और सीएम योगी ने जताया दुख; अखिलेश ने की जांच की मांग

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola