IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर गरमाई UP की सियासत, अजय राय ने राज्यपाल से क्यों की केंद्र के हस्तक्षेप की मांग?

Updated:
विज्ञापन

आईएएस दिव्या मित्तल, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

UP News: IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राज्यपाल से इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया है. उन्होंने अधिकारियों के मनोबल और निष्पक्षता पर चिंता जताई है.

विज्ञापन

IAS Divya Mittal Resigns: IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखकर इस मामले को केंद्र सरकार के सामने उठाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ईमानदार अधिकारियों का सम्मान और मनोबल सुरक्षित रहना चाहिए, ताकि उनके अनुभव का लाभ जनता को मिलता रहे.

विज्ञापन

अजय राय ने राज्यपाल से क्या मांग की?

अजय राय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से आग्रह किया है कि IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे के मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाए. उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि संविधान और जनता के लिए काम करते हैं. उनके मुताबिक प्रशासनिक सेवा की निष्पक्षता और सम्मान की रक्षा लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है.

‘बड़े अधिकारी दबाव में होंगे तो छोटे अधिकारियों का क्या?’

अजय राय ने कहा कि IAS दिव्या मित्तल को फील्ड से हटाकर राजस्व विभाग में तैनात किया गया और इसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. हालांकि, उन्होंने इस्तीफे का कारण स्पष्ट नहीं किया है. अजय राय ने दावा किया कि वर्ष 2017 के बाद मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक 13 IAS अधिकारियों ने या तो इस्तीफा दिया या वीआरएस लिया है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बड़े अधिकारी संविधान और नियमों के अनुसार अपनी योग्यता और क्षमता के अनुरूप काम नहीं कर पाएंगे, तो छोटे अधिकारियों और कर्मचारियों पर पड़ने वाले राजनीतिक दबाव की स्थिति क्या होगी. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की निष्पक्षता और सम्मान की रक्षा करना जरूरी है.

नियुक्ति विभाग को मिल चुका है इस्तीफा

IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा सोमवार को नियुक्ति विभाग को मिल गया है. रिपोर्ट के अनुसार, इस्तीफे में कारण पारिवारिक एवं निजी बताया गया है. उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक इस्तीफे को केंद्र सरकार को भेजा जाएगा, क्योंकि अंतिम निर्णय केंद्र स्तर पर होना है.

मई में देवरिया DM पद से हटाया गया था

दिव्या मित्तल उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की IAS अधिकारी हैं. उन्हें मई में देवरिया के जिलाधिकारी पद से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद से वह असहज बताई जा रही थीं. हालांकि, उनके इस्तीफे में आधिकारिक तौर पर पारिवारिक और निजी कारण बताए गए हैं.

DoPT के जरिए आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

सूत्रों के अनुसार दिव्या मित्तल का त्यागपत्र केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग यानी DoPT को भेजा जाएगा. इसके बाद इस्तीफे पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी. रिपोर्ट के मुताबिक IAS अधिकारियों से जुड़े ऐसे मामलों में अंतिम निर्णय उच्च स्तर पर लिया जाता है. इसी वजह से दिव्या मित्तल के इस्तीफे का मामला अब केंद्र स्तर पर जाएगा.

Must Read: लंदन की नौकरी छोड़कर चुनी IAS की राह, 13 साल बाद दिव्या मित्तल ने क्यों लिया इस्तीफे का फैसला?

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola