सरकारी जमीन पर सपा कराती थी कब्जा, फतेहपुर में सीएम योगी के बयान से गरमाई यूपी की सियासत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा का एजेंडा विकास नहीं, बल्कि अवैध कब्जे रहे हैं. भाजपा सरकार ने ऐसे कृत्यों पर पूरी तरह रोक लगाई है.
UP News: सीएम योगी आदित्यनाथ फतेहपुर को 489 करोड़ की सौगात दी. इस दौरान उन्होंने 125 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर सरकारी जमीन कब्जा दिलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विकास कभी भी समाजवादी पार्टी के एजेंडे में नहीं रहा. उनकी सरकार में ठेके, पट्टे और अवैध जमीन कब्जाने का खेल चलता था, लेकिन भाजपा सरकार ने ऐसे धंधों पर रोक लगाई है. इसी वजह से सपा आज हताश और निराश दिखाई दे रही है.
अवैध कब्जों को लेकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले समाजवादी पार्टी के लोग किसी भी खाली जमीन पर जबरन कब्जा कर लेते थे. गरीब, किसान और व्यापारियों की जमीन भी सुरक्षित नहीं रहती थी. उन्होंने दावा किया कि अब कानून व्यवस्था मजबूत होने के कारण ऐसा करने वालों को कार्रवाई का सामना करना पड़ता है.
भाजपा कार्यालय की जमीन का भी किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1990 में लखनऊ में भाजपा कार्यालय के लिए खरीदी गई जमीन पर भी समाजवादी पार्टी के एक पूर्व विधायक ने कब्जा कर रखा था. उन्होंने बताया कि उस अवैध कब्जे को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया. उनके मुताबिक, अवैध कब्जों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है.
सरकारी योजनाओं का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का फोकस गरीब कल्याण, किसानों और युवाओं के हितों पर है. उन्होंने मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना और निजी नलकूपों पर मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है. वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की न तो विकास में रुचि रही और न ही रोजगार सृजन व गरीबों के कल्याण में.
Also Read: गोरखपुर नगर निगम उपसभापति चुनाव में 36 साल बाद मिल सकता है दलित चेहरे को मौका, जानिए वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए