वाराणसी में ट्रेलर की चपेट में आकर 6 साल के बच्चे की मौत, मां की आंखों के सामने उजड़ गई दुनिया, चालक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्चे की जान चली गई ( क्रेडिट सोशल मीडिया)

UP News: वाराणसी के आदमपुर में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. भदऊचुंगी जीटी रोड पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने मासूम को कुचल दिया. इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

विज्ञापन

UP News: वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्चे की जान चली गई. भदऊचुंगी जीटी रोड पर काशी रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य में लगे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे मासूम को कुचल दिया. हादसा उस समय हुआ, जब उसकी मां पास ही फुटपाथ पर बैठी हुई थी. बेटे की आंखों के सामने हुई मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना के बाद पुलिस ने पीछा कर ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को कब्जे में ले लिया.

विज्ञापन

सड़क पार करते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान छह वर्षीय धनराज विश्वकर्मा के रूप में हुई है. उसका परिवार भदऊचुंगी स्थित पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रहता है. पिता गोलू विश्वकर्मा चाकू और कैंची की धार तेज करने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. परिवार में दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा आकाश (10) और छोटा धनराज (6) था. शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे धनराज सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान कज्जाकपुरा की ओर से आ रहा काशी रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य में लगा तेज रफ्तार ट्रेलर उसे अपनी चपेट में लेता हुआ निकल गया. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही मासूम की मौत हो गई.

पुलिस ने पीछा कर चालक को दबोचा

हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से भाग निकला और वसंता कॉलेज की ओर निकल गया. सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस टीम ने पीछा कर ट्रेलर को रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया. वाहन भी कब्जे में ले लिया गया है. आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रेलर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया गया है. मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे हादसे

स्थानीय लोगों का कहना है कि काशी रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. बीते जून में भी निर्माण कार्य से जुड़े एक भारी वाहन की चपेट में आने से एक महिला और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए थे. ऐसे हादसों के बाद इलाके के लोगों ने निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है.

Must Read- CM योगी ने गाजियाबाद को दी 868 करोड़ की सौगात, बोले- 2017 के बाद बदली प्रदेश की तस्वीर, अब नहीं रुक सकती कांवड़ यात्रा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola