छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे 3.16 लाख छात्रों के लिए खुशखबरी, 1 सितंबर से खुलेगा पोर्टल, जानिए कब मिलेगा पैसा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
UP News: हजारों छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है. तकनीकी वजहों से छात्रवृत्ति से वंचित 3.16 लाख विद्यार्थियों को योगी सरकार ने एक और मौका दिया है. 1 सितंबर से छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खोला जाएगा.
UP News: उत्तर प्रदेश में छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे हजारों छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में तकनीकी वजहों से छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए 3,16,057 विद्यार्थियों को सरकार ने एक और मौका देने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद छात्रवृत्ति पोर्टल 1 सितंबर से दोबारा खोला जाएगा. सरकार का लक्ष्य है कि पात्र विद्यार्थियों को हर हाल में 2 अक्टूबर तक छात्रवृत्ति की राशि मिल जाए.
1 सितंबर से दोबारा शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रवृत्ति से वंचित विद्यार्थियों के लिए पोर्टल तत्काल खोलने के निर्देश दिए. इसके बाद विभाग ने 1 सितंबर से आवेदन पोर्टल फिर खोलने का निर्णय लिया है. तकनीकी या प्रक्रियागत दिक्कतों की वजह से जिन पात्र विद्यार्थियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई थी, वे इस अवसर का लाभ उठा सकेंगे.
इन वर्गों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के सभी पात्र छात्र-छात्राओं को मिलेगा. छात्रवृत्ति की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. सरकार के मुताबिक भुगतान की प्रक्रिया 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच पूरी की जाएगी.
तकनीकी वजहों से 3.16 लाख विद्यार्थी रह गए थे वंचित
समाज कल्याण विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में तकनीकी कारणों से कुल 3,16,057 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति नहीं मिल सकी थी.
इनमें शामिल:
- शासकीय संस्थानों के 31,836 विद्यार्थी
- शासकीय सहायता प्राप्त संस्थानों के 37,795 विद्यार्थी
- निजी संस्थानों के 2,46,426 विद्यार्थी शामिल हैं.
आंकड़ों के मुताबिक छात्रवृत्ति से वंचित विद्यार्थियों की सबसे बड़ी संख्या निजी संस्थानों से है.
मुख्यमंत्री ने जल्द समाधान के दिए निर्देश
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि छात्रवृत्ति वितरण में आ रही तकनीकी और प्रक्रियागत परेशानियों का जल्द समाधान किया जाए. साथ ही पात्र विद्यार्थियों को दोबारा आवेदन का अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि 2 अक्टूबर तक हर हाल में उपलब्ध करा दी जाए.
‘पैसे या तकनीकी बाधा से प्रभावित नहीं होगी पढ़ाई’
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई पैसे या तकनीकी बाधाओं के कारण प्रभावित न हो. इस फैसले से उन 3.16 लाख विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो पात्र होने के बावजूद तकनीकी कारणों से पिछली बार छात्रवृत्ति से वंचित रह गए थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
