बेटियों के लिए UP सरकार का ‘प्लान’, 12वीं पास करते ही मिलेंगे 30 हजार रुपये, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना समेत कई लाभ
बेटियों के लिए योगी सरकार का प्लान
UP News: उत्तर प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और विवाह के लिए कई आर्थिक सहायता योजनाएं चला रही है. मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और अन्य योजनाओं से बेटियों को सशक्त बनाया जा रहा है.
UP News: उत्तर प्रदेश सरकार बेटियों और महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में आर्थिक मदद देने के लिए कई योजनाएं चला रही है. इन योजनाओं का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना, बाल विवाह पर रोक लगाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और विवाह तक अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता दी जाती है.
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में 25 हजार रुपये
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक छह अलग-अलग चरणों में कुल 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इसका लाभ एक परिवार की अधिकतम दो बेटियों को मिल सकता है. योजना का लाभ लेने के लिए परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये या उससे कम होना जरूरी है. वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है. इसके तहत प्रति जोड़ा 1 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है, जिसमें 60,000 रुपये दुल्हन के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं.
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना से मिलेगी मुफ्त स्कूटी
उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना लागू की गई है. इसके तहत कॉलेज जाने वाली पात्र और मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने का प्रावधान है. योजना की खास बात यह है कि स्कूटी के पंजीकरण यानी रजिस्ट्रेशन का खर्च भी राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है. इसके अलावा कन्या विद्या धन योजना के तहत यूपी बोर्ड की 12वीं परीक्षा में मेरिट में आने वाली बीपीएल परिवार की मेधावी छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए 30,000 रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाती है.
मुख्यमंत्री बाल सेवा और विधवा पेंशन योजना
अनाथ और बेसहारा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना संचालित की जा रही है. इसके तहत ऐसे बच्चों की देखभाल और शिक्षा के लिए सरकार की ओर से सहायता दी जाती है. वहीं, बेसहारा और विधवा महिलाओं को आर्थिक सहारा देने के लिए विधवा पेंशन योजना के तहत हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है.
बेटी के जन्म पर 25 हजार रुपये की मदद
श्रमिक और निर्धन परिवारों में नवजात बच्चों के पोषण एवं देखभाल के लिए मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना संचालित है. इसके तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले पात्र श्रमिक परिवार में बेटी के जन्म पर 25,000 रुपये और बेटे के जन्म पर 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इस तरह सरकार की अलग-अलग योजनाओं के जरिए बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और विवाह तक आर्थिक सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By खुशबू कुमारी
खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए