सहारनपुर में किशोर की हत्या के बाद भारी बवाल, हाईवे पर शव रखकर लगाया जाम, पुलिस और ग्रामीणों में झड़प के बाद लाठीचार्ज

Updated:
विज्ञापन

परिजन और ग्रामीण शव लेकर हाईवे पर धरने पर बैठ गए

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP News: सहारनपुर के देवबंद में 17 वर्षीय शिवा की हत्या के बाद तनावपूर्ण माहौल है. परिजनों और ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे पुलिस और भीड़ के बीच झड़प हुई. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

विज्ञापन

UP News: सहारनपुर के देवबंद में 17 वर्षीय किशोर शिवा की हत्या के बाद मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया. पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर हाईवे पर धरने पर बैठ गए और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और लोगों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद पथराव और लाठीचार्ज की घटना हुई. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है.

विज्ञापन

दोस्ती से शुरू हुआ विवाद, खेत में मिला शव

शिवा रविवार रात से लापता था. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया था कि वह अपने दोस्तों तेजस, आदित्य और सूर्यांश के साथ घर से निकला था. तलाश के दौरान परिवार ने तेजस से पूछताछ की तो शक गहरा गया. पुलिस की पूछताछ में तेजस ने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर सोमवार देर रात खेत से शिवा का शव बरामद किया गया. पुलिस का कहना है कि शिवा और आरोपियों के बीच पहले अच्छी दोस्ती थी, लेकिन किसी पुराने विवाद के चलते दोनों पक्षों में रंजिश हो गई थी और इसी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया.

शव रखकर लगाया जाम, पुलिस से हुई झड़प

मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार हाईवे पर पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी. जाम हटाने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद हालात बिगड़ गए. आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जबकि भीड़ की ओर से पथराव किया गया. इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए.

एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि मामले में तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. मुख्य आरोपी तेजस को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार दो आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. उन्होंने कहा कि पथराव और लाठीचार्ज की घटना की भी अलग से जांच की जा रही है.

Must Read- दुबई से महंगे गिफ्ट का झांसा देकर 65 लाख की साइबर ठगी, इंस्टाग्राम के मुंहबोले भाई ने डांस टीचर को लगाया चूना


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola