यूपी में NEET पेपर लीक के विरोध में छात्रों का हुंकार, बारिश के बीच सड़कों पर उतरे हजारों युवा

Updated:
विज्ञापन
यूपी में NEET पेपर लीक के विरोध में छात्रों का हुंकार

यूपी में NEET पेपर लीक के विरोध में छात्रों का हुंकार

UP News: NEET पेपर लीक मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और लखनऊ समेत कई जिलों में छात्र सड़कों पर उतरे. बारिश के बावजूद हजारों युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार को NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया. 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के आह्वान पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं बारिश के बीच सड़कों पर उतरे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. इसी तरह लखनऊ, सहारनपुर और कानपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में भी प्रदर्शन आयोजित किए गए.

बारिश में भी जुटे बड़ी संख्या में छात्र

प्रयागराज में सुबह से ही छात्र पत्थर गिरजाघर के पास एकत्र होने लगे. प्रदर्शन के दौरान कई छात्र संविधान की प्रति और हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और पेपर लीक मामलों पर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई. इसके बाद छात्रों ने जिलाधिकारी कार्यालय की ओर मार्च निकालने की तैयारी की.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना था कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उनका कहना है कि जब तक जिम्मेदारी तय नहीं होगी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. कई छात्रों ने रोजगार, भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा प्रणाली में सुधार की भी मांग की.


बारिश के बीच सड़कों पर उतरे हजारों युवा
बारिश के बीच सड़कों पर उतरे हजारों युवा

सहारनपुर और कानपुर में भी प्रदर्शन

सहारनपुर में भीम आर्मी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान में धरना देकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई पदाधिकारियों को एहतियातन नजरबंद कर दिया. वहीं कानपुर के बिल्हौर में भी भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई.

NEET पेपर लीक के विरोध में देशव्यापी आंदोलन

छात्र संगठनों का कहना है कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए. वहीं, संभावित प्रदर्शन को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस पूरे प्रदेश में अलर्ट मोड पर रही.

प्रदर्शन में दिखी जेन-जी की नई भाषा

प्रयागराज समेत देशभर में NEET पेपर लीक के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों के दौरान जेन-जी का विरोध जताने का अंदाज भी चर्चा में है. पारंपरिक नारों की जगह अब फिल्मों के संवाद, मीम, इंटरनेट स्लैंग और वन-लाइनर पोस्टर प्रदर्शन का हिस्सा बन रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया ने विरोध की भाषा को अधिक संक्षिप्त, दृश्यात्मक और प्रभावशाली बना दिया है. उनके मुताबिक, हिंदी और अंग्रेजी के मिश्रण वाले स्लैंग नई पीढ़ी की पहचान बन चुके हैं और आने वाले समय में मीम आधारित अभिव्यक्ति राजनीतिक व सामाजिक संवाद का अहम माध्यम बन सकती है.


प्रदर्शन में दिखी जेन-जी की नई भाषा
प्रदर्शन में दिखी जेन-जी की नई भाषा

लखनऊ में आजाद समाज पार्टी का धरना

लखनऊ के इको गार्डन में आजाद समाज पार्टी ने छात्रों के समर्थन में धरना शुरू किया है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र शामिल हुए. प्रदर्शनकारी पेपर लीक मामलों, छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावित छात्रों को मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई.


Image

Must Read- फतेहपुर में कंटेनर से भिड़ी बाइक, CM ड्यूटी पर जा रहे हेड कॉन्स्टेबल की हादसे में मौत


विज्ञापन
Komal Agarwal

लेखक के बारे में

By Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola