‘अंकल बस में आग लग गई’... लखनऊ में 25 बच्चों से भरी चलती बस में अचानक उठीं आग की लपटें, एक बच्चे का हाथ झुलसा, जांच में 13 बसें अनफिट
लखनऊ में बच्चों से भरी स्कूल बस में लगी आग
Lucknow Bus Fire Incident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक स्कूल बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि चालक और ग्रामीणों की सूझबूझ से 25 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, जांच में स्कूल की 13 बसें अनफिट पाई गईं, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन पर मुकदमा दर्ज किया गया है.
Lucknow School Bus Fire Incident: उत्तर प्रदेश की राजधानी में शनिवार सुबह 25 स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बस में अचानक आग लग गई. इटौंजा के बगहा के पुरवा गांव के पास चलती बस से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं. बच्चों ने चालक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसने समय रहते बस रोक दी. ग्रामीणों और चालक की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हादसे में पांच वर्षीय नर्सरी छात्र वेदांत शुक्ल का हाथ झुलस गया, जिसे परिजनों ने सीएचसी इटौंजा में भर्ती कराया.
धुआं उठते ही बच्चों में मची चीख-पुकार
चालक सुरेश कुमार जमखनवा गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रहे थे. बगहा के पुरवा के पास अचानक बस में धुआं भरने लगा. बच्चों ने आग देखकर चालक से बस रोकने को कहा. बस रुकते ही चालक और ग्रामीणों ने एक-एक कर सभी बच्चों को बाहर निकाला. बच्चों ने बताया कि आग लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई. कुछ बच्चे डर गए और रोने लगे. अभिभावकों के मुताबिक धुएं की वजह से कुछ बच्चों के बेहोश होने का भी आरोप है.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस में तार के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है. हादसे के बाद बस को स्कूल परिसर में खड़ा कराया गया है और उसे सीज करने की कार्रवाई की जा रही है. इटौंजा थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव के मुताबिक मामले में लापरवाही किस स्तर पर हुई, इसकी जांच और पूछताछ की जा रही है. तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
13 बसें मिलीं अनफिट, स्कूल प्रबंधन पर मुकदमा
एआरटीओ आलोक यादव के अनुसार बस का पंजीकरण अलीगढ़ का है, जबकि उसका संचालन लखनऊ में किया जा रहा था. बस का फिटनेस नहीं था और एनओसी एटा से ली गई थी. शार्प ग्लोबल स्कूल में कुल 17 बसें हैं. घटना के बाद हुई जांच में 13 बसें अनफिट पाई गईं. एआरटीओ ने स्कूल प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. स्कूल की मान्यता खत्म करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भी भेजा गया है.
अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन पर लगाया आरोप
हादसे के बाद अभिभावक ऋषि तिवारी और विशाल बाबू ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बस में धुआं भरने के कारण कई बच्चे बेहोश हो गए थे. उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बच्चे काफी डरे हुए हैं. दोनों अभिभावकों ने इटौंजा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए