UP विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, आगरा में बूथों की नई व्यवस्था, बिहार से पहुंचीं EVM

Updated:
विज्ञापन

बूथ पुनर्गठन और ईवीएम की जाँच (AI सांकेतिक तस्वीर)

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं. आगरा में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन का काम चल रहा है, जहां अब एक केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाता होंगे. इस प्रक्रिया के तहत बूथों की अंतिम सूची 18 जुलाई को जारी की जाएगी.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं. आगरा में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन का काम शुरू कर दिया गया है. निर्वाचन आयोग के नए मानकों के अनुसार अब एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाता ही होंगे. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि मतदाताओं को मतदान के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े. इसी प्रक्रिया के तहत बूथों की अंतिम सूची 18 जुलाई को जारी की जाएगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

चुनाव आयोग के निर्देश पर हो रहा पुनर्गठन

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. इसमें सांसद, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित बूथों की सूची पर सुझाव और आपत्तियां रखीं. अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1,200 से अधिक थी, वहां नए बूथ बनाकर भार कम किया गया है. निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 4 जुलाई को प्रारंभिक सूची प्रकाशित की गई थी. इसके बाद राजनीतिक दलों से 12 जुलाई तक दावे और आपत्तियां मांगी गईं. अब सभी प्राप्त सुझावों की समीक्षा कर अंतिम सूची तैयार की जा रही है.

शिकायतों का मौके पर होगा सत्यापन

बैठक में सामने आए नए सुझावों पर जिलाधिकारी ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर जांच करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का भौतिक सत्यापन किया जाए, ताकि अंतिम सूची में किसी तरह की त्रुटि न रहे.

इन बिंदुओं पर होगी जांच

  • नए मतदान केंद्र के लिए उपयुक्त भवन का चयन.
  • मतदाताओं और बूथ के बीच निर्धारित दूरी का पालन.
  • मतदान केंद्र और संबंधित मतदाता सूची का सही मिलान.

बाह विधानसभा के 20 गांवों का उठा मुद्दा

बैठक के दौरान फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने बाह विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में मतदान केंद्र नहीं होने का मुद्दा उठाया. उनका कहना था कि करीब 20 गांवों के लोगों को मतदान करने के लिए तीन से पांच किलोमीटर तक जाना पड़ सकता है, जो निर्वाचन आयोग के तय मानकों के अनुरूप नहीं है. इस पर जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि संबंधित गांवों का दोबारा सर्वे कर 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए. रिपोर्ट के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा.

बिहार से आगरा पहुंचीं EVM और VVPAT

चुनावी तैयारियों के बीच बिहार से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की खेप भी आगरा पहुंच गई है. इन मशीनों का इस्तेमाल बिहार विधानसभा चुनाव में किया गया था. सीलबंद मशीनों को सुरक्षित रखने के बाद गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों को उनका निरीक्षण कराया गया.

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, विधायक चौधरी बाबूलाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा और छोटेलाल वर्मा शामिल हुए. इसके अलावा भाजपा, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, सीपीआई समेत अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी बात रखी.

Also Read: 300 पुलिस की घेराबंदी, दो बदमाश ढेर, 2 सिपाही घायल


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन