खाटू श्याम से लौट रहे UP के 6 श्रद्धालुओं की मौत: पलवल एक्सप्रेस-वे पर ट्रक से टकराई पिकअप, 14 घायल

Updated:
विज्ञापन

खाटू श्याम से लौट रहे UP के 6 श्रद्धालुओं की मौत

खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर वृंदावन जा रहे उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के 21 श्रद्धालुओं की पिकअप हरियाणा के पलवल में KMP एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. इस भीषण हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 गंभीर रूप से घायल हो गए.

विज्ञापन

UP Road Accident: राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर के दर्शन कर वृंदावन जा रहे उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ मंगलवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया. हरियाणा के पलवल जिले में KMP एक्सप्रेस-वे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं. मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं.

विज्ञापन

पिकअप की बॉडी में फंसी एक श्रद्धालु की गर्दन

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. पिकअप में सवार लोग बुरी तरह फंस गए थे. ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे एक व्यक्ति की गर्दन पिकअप की बॉडी में फंस गई थी. मौके पर पहुंचे लोगों ने पिकअप की बॉडी काटकर उसे बाहर निकाला. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद नीचे बैठे लोग एक-दूसरे के ऊपर आ गए, जबकि ऊपर बैठे लोग नीचे गिर गए. सभी घायलों को पलवल के सिविल अस्पताल ले जाया गया.

28 अगस्त को धार्मिक यात्रा पर निकला था 21 श्रद्धालुओं का जत्था

पुलिस के अनुसार, मैनपुरी जिले के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों के करीब 21 लोग रक्षाबंधन पर्व पर धार्मिक अनुष्ठानों के लिए टाटा पिकअप से निकले थे. परिवार के मुताबिक, सभी 28 अगस्त को घर से रवाना हुए थे. सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्होंने मथुरा के वृंदावन जाने की योजना बनाई. इसके बाद सभी देर रात पिकअप से मथुरा के लिए निकल पड़े. इसी दौरान पलवल में KMP एक्सप्रेस-वे पर हादसा हो गया.

लोहे के सरिए और जाल से बनाई गई थी डबल डेकर पिकअप

पुलिस के मुताबिक, पिकअप में लोहे के सरिए और जाल लगाकर उसे डबल डेकर बनाया गया था. इससे वाहन की ऊंचाई भी बढ़ गई थी. मंगलवार सुबह पलवल जिले की सीमा में पहुंचते ही पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया.

मृतकों में मां-बेटा, चाची, ससुर और बुआ शामिल

मृतकों की पहचान विजय सिंह (75), राजकुमार (40), रेशमा (45), कमला (65), सुधा (52) और महेश (60) के रूप में हुई है. हादसे में विजय सिंह यादव, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश चंद्र की जान गई. मैनपुरी के किशनपुर मुरैया निवासी विनीत यादव ने बताया कि उनके परिवार के लोग इस यात्रा में शामिल थे. उन्होंने बताया कि मृतकों में उनके पिता विजय सिंह यादव, जीजा राजकुमार, जीजा की मां कमला देवी, चाची रेशमा देवी, बुआ सुधा और पड़ोसी महेश चंद्र शामिल हैं. हादसे की खबर मिलते ही सभी परिवारों में कोहराम मच गया. घायलों में सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी शामिल हैं.

दोनों वाहनों के चालक हादसे के बाद फरार

हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. वहीं पिकअप चालक सुधीर के भी फरार होने की बात सामने आई है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की शुरुआती जांच में लगातार सफर करने के दौरान पिकअप चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. मृतकों के परिजनों के आने का भी इंतजार किया जा रहा है.

Must Read- प्रयागराज में बाउंड्री के अंदर पानी में तैरती मिली युवक की लाश, 30 साल के मोबिन की रहस्यमयी मौत, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola