यूपी वालों के लिए राहत की खबर, अब त्योहारों पर नहीं कटेगी बिजली, अधिकारियों को सख्त निर्देश
पवार हाउस की तस्वीर
यूपी में बिजली आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर. ऊर्जा प्रमुख सचिव ने त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश.
UP Electricity News : उत्तर प्रदेश में बिजली आपूर्ति को लेकर चल रही समस्याओं के बीच उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. ऊर्जा विभाग के नवनियुक्त प्रमुख सचिव और पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने मंगलवार को प्रदेश में बिजली आपूर्ति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान बिजली की किल्लत नहीं होनी चाहिए और निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.
त्योहारों में बिजली आपूर्ति पर खास नजर
रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों को बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी क्षेत्र में बिजली की समस्या नहीं होनी चाहिए. साथ ही भविष्य में कोयले की कमी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा.
फीडरवार होगी बिजली आपूर्ति की निगरानी
समीक्षा बैठक में नगरीय, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली गई. अधिकारियों से फीडर मीटरों के आंकड़ों और वितरण व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मानकों की भी जानकारी ली गई. उन्होंने निर्देश दिया कि फीडरवार बिजली आपूर्ति की लगातार निगरानी की जाए. सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक रोजाना बिजली आपूर्ति की समीक्षा करेंगे और इसकी रिपोर्ट लखनऊ भेजेंगे.
हर दो घंटे में भेजनी होगी रिपोर्ट
बिजली कटौती और ब्रेकडाउन की स्थिति पर भी अधिकारियों को पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए गए हैं. रोस्टिंग की जानकारी भी फीडरवार उपलब्ध रहेगी. डिस्कॉम स्तर के कंट्रोल रूम में हर दो घंटे पर फीडरवार रिपोर्ट मंगाई जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी फीडर की स्थिति की तत्काल जानकारी मिल सके.
लखनऊ समेत समस्याग्रस्त इलाकों पर विशेष फोकस
शक्ति भवन में हुई बैठक में बिजली आपूर्ति के साथ-साथ विद्युत व्यवस्था के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, बिल वितरण और वसूली, बिजली चोरी रोकने और विद्युत दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण जैसे मुद्दों की भी समीक्षा की गई. रणवीर प्रसाद ने बिजनेस प्लान के तहत लखनऊ समेत प्रदेश के उन क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जहां बिजली आपूर्ति को लेकर बार-बार समस्या सामने आ रही है. उन्होंने विद्युत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए