UP Election 2027: अखिलेश यादव का ‘27 में 27 हजार’ वाला प्लान! इन सीटों पर खास नजर, सपा के इस मिशन से बदलेगा चुनावी गणित

Updated:
विज्ञापन

हर विधानसभा में BJP के 27 हजार वोट घटाने का प्लान

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP Politics: सपा ने 2027 यूपी चुनाव के लिए '27 में 27 हजार' का लक्ष्य रखा है. जानिए कैसे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर पार्टी बदल सकती है चुनावी समीकरण.

विज्ञापन

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर कम से कम 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य रखा है. पार्टी के इस लक्ष्य को ‘मिशन 27K’ कहा जा रहा है. 2022 के चुनाव में करीब 50 सीटें ऐसी थीं, जहां जीत-हार का अंतर 10 हजार वोट से कम रहा था. इनमें ज्यादातर सीटों पर बीजेपी या उसके सहयोगी दलों ने जीत दर्ज की थी.

विज्ञापन

कम अंतर वाली सीटों पर सपा की खास नजर

2022 के चुनाव में 15 सीटों पर जीत-हार का अंतर 1000 वोट से भी कम था. इनमें सपा ने 6 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को 8 सीटों पर जीत मिली थी. एक सीट पर निषाद पार्टी के रमेश सिंह विजयी हुए थे. इसके अलावा 14 सीटों पर जीत का अंतर 1000 से 2000 वोट के बीच रहा, जिनमें बीजेपी ने 7, सपा ने 4, अपना दल (सोनेलाल) ने 2 और कांग्रेस ने एक सीट जीती थी.

2000 से 5000 वोट के अंतर वाली सीटों का गणित

2000 से 3000 वोट के अंतर वाली 8 सीटों में सपा ने 5 और बीजेपी ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं 3000 से 4000 वोट के अंतर वाली 7 सीटों में सपा को 4, बीजेपी को 2 और अपना दल (एस) को एक सीट मिली थी. 4000 से 5000 वोट के अंतर वाली 9 सीटों में बीजेपी ने 7 और सपा ने 2 सीटों पर जीत हासिल की थी. इन आंकड़ों को देखते हुए सपा का 27 हजार अतिरिक्त वोट जुटाने का लक्ष्य कम अंतर वाली सीटों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

PDA के साथ बढ़ेगा सामाजिक दायरा

सपा की रणनीति में पिछड़ा वर्ग, दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर फोकस प्रमुख रहा है. 2024 लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी ने गैर-यादव ओबीसी, अति पिछड़े वर्ग और युवाओं के बीच अपनी पैठ बढ़ाने की कोशिश भी तेज की है. 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य इसी सामाजिक विस्तार की दिशा में एक कदम माना जा रहा है, जिसमें नए समर्थकों को पार्टी से जोड़ने पर जोर रहेगा.

बूथ से गांव तक संगठन एक्टिव करने की तैयारी

पार्टी की कोशिश हर विधानसभा क्षेत्र में नए समर्थकों को जोड़ने, मौजूदा वोटरों को सक्रिय करने और संगठन की पहुंच गांव स्तर तक बढ़ाने की है. सपा का मानना है कि अगर हर बूथ पर संगठन को मजबूत किया गया और नए मतदाताओं को जोड़ा गया तो बीजेपी के मजबूत गढ़ों में भी मुकाबला कड़ा किया जा सकता है. इसी वजह से विधानसभावार लक्ष्य देकर संगठन को पहले से सक्रिय करने की रणनीति पर जोर दिया जा रहा है.

2027 के लिए अभी से चुनावी जमीन तैयार

अखिलेश यादव का ‘मिशन 27K’ सीधे तौर पर पार्टी के संगठन और वोट आधार को बढ़ाने के लक्ष्य से जुड़ा है. खासकर उन सीटों पर ध्यान दिया जा रहा है जहां 2022 में कुछ हजार वोटों के अंतर से नतीजे तय हुए थे. अब सपा की रणनीति अतिरिक्त 27 हजार वोट जुटाने, सामाजिक आधार का विस्तार करने और जमीनी संगठन को मजबूत करने के जरिए 2027 के चुनाव के लिए अपनी तैयारी आगे बढ़ाने की है.


यह भी देखें: UP Election 2027: क्या है हर विधानसभा में BJP के 27 हजार वोट घटाने का प्लान! अखिलेश यादव ने खोला सपा का चुनावी दांव

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola