मजदूरी कर पत्नी को बनाया आबकारी सिपाही: नौकरी मिलते ही बदला रवैया! पति का आरोप- ‘मजदूर’ कहकर किया अपमान
मजदूरी कर पत्नी को बनाया आबकारी सिपाही: नौकरी मिलते ही बदला रवैया!
UP News: पत्नी की पढ़ाई के लिए मजदूरी की, फिर वह आबकारी सिपाही बन गई. नौकरी मिलते ही पति के साथ बुरा बर्ताव शुरू हो गया. पति ने लगाए गंभीर आरोप.
UP News: कहते हैं कि मुश्किल वक्त में जो साथ दे, वही अपना होता है. लेकिन वाराणसी के शिवपुर से सामने आया एक वैवाहिक विवाद इस रिश्ते की अलग तस्वीर पेश करता है. यहां एक पति का आरोप है कि उसने मजदूरी करके पत्नी की पढ़ाई कराई, उसे बीए, एमए और बीएड कराया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद की. वर्ष 2022 में पत्नी का आबकारी विभाग में महिला सिपाही के पद पर चयन हुआ. इसके बाद पति का आरोप है कि पत्नी के व्यवहार में बदलाव आ गया.
मजदूरी की कमाई से पत्नी को पढ़ाया
शिवपुर निवासी माता प्रसाद यादव के मुताबिक, उनकी शादी मई 2011 में ममता यादव से हुई थी. वह मजदूरी करते थे. पत्नी की पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई लगाई. शिकायत के अनुसार ममता ने बीए, एमए और बीएड की पढ़ाई की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की. पति का कहना है कि पत्नी के आबकारी विभाग में चयन तक उन्होंने हर संभव सहयोग किया. वर्ष 2022 में प्रयागराज में ममता का आबकारी विभाग में महिला सिपाही के पद पर चयन हुआ.
नौकरी के बाद व्यवहार बदलने का आरोप
माता प्रसाद का आरोप है कि सरकारी नौकरी मिलने के बाद पत्नी का रवैया बदल गया. शिकायत में कहा गया है कि वह उन्हें ‘मजदूर’ कहकर नीचा दिखाने लगीं. पति ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई.
48 हजार रुपये और गहने ले जाने का भी आरोप
शिकायत के अनुसार, जनवरी 2024 में ममता घर से 48 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण लेकर चली गईं. पति का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें कथित तौर पर जेल भिजवाने की धमकी दी गई. इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
थाने से कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट पहुंचे पति
माता प्रसाद का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत शिवपुर थाने में की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया. अदालत में दाखिल याचिका पर सुनवाई के बाद एसीजेएम के निर्देश पर शिवपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की.
पत्नी समेत चार लोगों पर केस
शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के अनुसार, ममता यादव, उनके पिता नखड़ू यादव तथा दो साले आशीष और सतीश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: कानपुर देहात में दो मजदूर जिंदा जले, 30 फीट ऊंची टंकी पर अचानक भड़की आग, नीचे गिरकर गई जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए