प्रेमी से तकरार, फिर नया आशिक बना हथियार! शादीशुदा महिला ने रची पुराने प्रेमी की खौफनाक हत्या की साजिश

Updated:
विज्ञापन

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया

UP Crime News: मऊ जिले में एक युवक की हत्या ने सनसनी फैला दी. यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और एक खौफनाक साजिश का नतीजा निकली. एक शादीशुदा महिला के प्यार में फंसा युवक कैसे बना शिकार? जानें पूरा सच.

विज्ञापन

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सोमवार तड़के हुई एक युवक की हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. शुरुआत में मामला सिर्फ एक हत्या का लग रहा था, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ी, कहानी ने ऐसा मोड़ लिया जिसने सभी को चौंका दिया. जांच में सामने आया कि यह वारदात प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और सुनियोजित साजिश का नतीजा थी. सबसे हैरानी की बात यह रही कि एक शादीशुदा महिला के प्रेम संबंधों की उलझन में उसके ही प्रेमी की जान चली गई. पुलिस के मुताबिक पूरा घटनाक्रम किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है.

किराये के कमरे में मिला युवक का शव

पूरा मामला मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के मुंगेश्वर सुल्तानपुर (कांशीराम कॉलोनी) का है. सोमवार तड़के एक किराये के कमरे में युवक की चाकू मारकर हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. शुरुआत में मृतक की पहचान और हत्या की वजह को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं, लेकिन पुलिस ने जब पूरे मामले की गहराई से जांच की तो प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश की कहानी सामने आई.

शादीशुदा महिला से दोस्ती, फिर प्यार और बढ़ता विवाद

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के जंगीपुर निवासी असगर अली के रूप में हुई है. जांच में पता चला कि शादीशुदा महिला शहजादी, जो करीब ढाई साल से अपने पति से अलग रह रही थी, उसके संपर्क में थी. महिला के पांच बच्चे हैं और उसकी बड़ी बेटी की शादी भी हो चुकी है. पूछताछ में महिला ने बताया कि पति से अलग रहने के दौरान उसकी पहचान असगर अली से हुई थी. दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया. लेकिन कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.

दूसरे युवक से बढ़ीं नजदीकियां, यहीं से शुरू हुई साजिश

इसी दौरान महिला की नजदीकियां मुन्शीपुरा निवासी आकाश राव से बढ़ गईं. वहीं आकाश का दोस्त सूरज राजभर भी उसके संपर्क में रहने लगा. पुलिस के मुताबिक जब असगर अली को इस नए रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया. आरोप है कि इसी बात को लेकर उसने महिला के साथ मारपीट भी की थी. इसके बाद महिला ने आकाश राव के साथ मिलकर असगर अली को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

सुबह-सुबह वारदात को दिया गया अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि साजिश के तहत सुल्तानपुर स्थित कांशीराम आवास में एक किराये का कमरा लिया गया. सोमवार सुबह करीब 4:40 बजे आकाश राव अपने साथी सूरज राजभर के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि जैसे ही असगर अली की नींद खुली, सूरज ने उसे पकड़ लिया और आकाश ने उसके सीने पर धारदार चाकू से कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से असगर अली की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए, जबकि महिला भी कुछ देर बाद कमरे से निकल गई.

दो आरोपी गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर की तलाश जारी

मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला शहजादी और सूरज राजभर को स्कूटी समेत गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी में जुटी है. वहीं मुख्य आरोपी आकाश राव, जिसे पुलिस हिस्ट्रीशीटर बता रही है, उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और आरोपियों से पूछताछ में यह साफ हो गया है कि हत्या प्रेम प्रसंग, ईर्ष्या और पहले से रची गई साजिश के तहत की गई थी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Input- Lucky Kumari

Must Read- CBI के जाल में फंसे रेलवे के पूर्व अफ़सर, 10 साल चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने सुनाया फ़ैसला


विज्ञापन
Komal Agarwal

लेखक के बारे में

By Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola