पति को कांच पिलाया फिर बिस्तर पर पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग, सोनम और रूबी से भी आगे निकली UP की प्रीति

Updated:
विज्ञापन

आरोपी पत्नी

UP Crime: फतेहपुर के मलवां में पति को आग लगाकर मारने के आरोप में जेल गई महिला के दो कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

विज्ञापन

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के तारापुर असवार गांव में पति की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है. पति को आग लगाकर मारने के आरोप में जेल भेजी गई पत्नी प्रीति उर्फ विनीता देवी के दो कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. वीडियो में महिला अपने पति की हत्या करने की बात स्वीकार करती नजर आ रही है. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

विज्ञापन

26 जून को मिला था जला हुआ शव

गांव निवासी अवधेश उर्फ पवन (40) का 26 जून को बंद कमरे में जला हुआ शव मिला था. कमरे में मौजूद अन्य सामान सुरक्षित था, जिससे पुलिस को शुरू से ही आग लगाकर हत्या किए जाने की आशंका हुई. मृतक के भाई राजकुमार ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी. पुलिस ने जांच के बाद पत्नी प्रीति को आरोपी मानते हुए तीन जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

वायरल वीडियो में हत्या की बात कबूलने का दावा

जेल भेजे जाने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो में प्रीति कहती दिखाई दे रही है कि उसका पति शराब का आदी था और आए दिन शराब के लिए पैसे मांगकर उसके साथ मारपीट करता था. प्रताड़ना से तंग आकर वह कई बार अपनी जान बचाने के लिए पड़ोसियों के घरों में छिप जाती थी. हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

‘पड़ोसन ने बताए थे पति को मारने के तरीके’

महिला का दावा है कि उसकी हालत देखकर पड़ोस की एक महिला ने कई बार उसे पति से छुटकारा पाने के तरीके बताए थे. कथित तौर पर उसे कांच पीसकर खाने में मिलाने और नशे में सोने के दौरान आग लगाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने जैसी बातें कही गई थीं. महिला का कहना है कि ये बातें उसके दिमाग में लगातार घूमती रहती थीं.

घटना वाले दिन क्या हुआ?

महिला के मुताबिक, घटना वाले दिन पति ने पहले खाना मांगा और फिर काम पर जाने के लिए 100 रुपये की मांग की. रुपये नहीं मिलने पर उसने घर में तोड़फोड़ की और पत्नी के साथ मारपीट की. बाद में पड़ोसी से उधार लेकर उसे रुपये दिए गए, लेकिन वह नशे में होने के कारण काम पर नहीं गया और घर लौटकर बिस्तर पर सो गया.

‘पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग’

महिला का दावा है कि पति के सो जाने के बाद उसे पड़ोसन की बातें याद आईं. उसने घर में रखा पेट्रोल बिस्तर पर छिड़का और आग लगा दी. आग लगने पर पति कुछ देर के लिए उठा, लेकिन फिर गिर पड़ा. इसके बाद वह कमरे का दरवाजा बंद कर बाहर निकल गई.

पुलिस ने क्या कहा?

मलवां थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. आरोपी के बयान मात्र को अंतिम और ठोस साक्ष्य नहीं माना जा सकता. विवेचना के दौरान यदि वीडियो या अन्य माध्यमों से कोई पुख्ता साक्ष्य मिलता है तो उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें:अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक शुरू, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि और चंपत राय भी पहुंचे

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola