सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में हुआ खुलासा, हिस्ट्रीशीटर लल्ला समेत 3 हिरासत में, तमंचा-बाइक बरामद, हत्या के पीछे ये था राज

Updated:
विज्ञापन

सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में बड़ा खुलासा

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP Crime News: प्रयागराज के हंडिया में सपा जिला सचिव पवन कुमार यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। गांव के हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ में हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं.

विज्ञापन

UP Crime News: प्रयागराज के हंडिया में सपा जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के ही हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हत्या से जुड़े अहम सुराग मिले हैं. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तमंचा और बाइक बरामद किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है.

विज्ञापन

लल्ला पर दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे

पुलिस जांच में जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला का नाम प्रमुखता से सामने आया है. वह हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव का रहने वाला बताया जा रहा है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात में लल्ला के साथ गांव के निहाल अली और बृजेश यादव के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है.

पुरानी रंजिश से जुड़ रहा हत्या का मामला

जांच के दौरान पवन यादव और जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार जितेंद्र को पहले एक हत्या के मामले में वर्ष 2022 में जेल भेजा गया था. उसे कथित तौर पर शक था कि पवन यादव ने उसके खिलाफ पुलिस को सूचना दी थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चलने की जानकारी जांच में सामने आई है. हालांकि हत्या की पूरी वजह पुलिस की पूछताछ के बाद स्पष्ट होगी.

कार में बैठते वक्त बाइक सवारों ने चलाई थी गोली

पवन यादव की हत्या मंगलवार शाम हंडिया थाना क्षेत्र के कर्मनाशा मोहल्ले में हुई थी. बताया गया कि वह दोपहर में कार से हंडिया कस्बे पहुंचे थे और एक कैफे में दोस्तों के साथ समय बिताने के बाद शाम करीब 5:20 बजे बाहर निकले. जैसे ही वह अपनी कार में बैठने लगे, बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे. आरोप है कि बाइक धीमी कर पीछे बैठे व्यक्ति ने बेहद करीब से गोली चला दी. गोली पवन की पीठ में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े.

इलाज के दौरान नहीं बच सकी जान

गोली लगने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पवन यादव को पहले हंडिया के निजी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर स्थित अस्पताल और फिर एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया. एसआरएन पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वारदात के बाद बाइक सवार आरोपी वाराणसी की ओर भाग निकले थे. अब पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ रही है.

पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस बल और समर्थकों की मौजूदगी

पवन यादव के शव का पोस्टमार्टम एसआरएन अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में कराया जा रहा है. बुधवार सुबह हंडिया, सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस वहां तैनात रही. बड़ी संख्या में सपा नेता और हंडिया क्षेत्र के लोग भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे. पवन यादव के परिवार में पत्नी नीतू देवी, तीन बेटियां और एक बेटा है. पुलिस अब हत्या में शामिल लोगों की भूमिका और वारदात के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट करने में जुटी है.

यह भी देखें: पवन यादव हत्याकांड से प्रयागराज में हड़कंप, सपा जिला सचिव को बाइक सवार 3 नकाबपोशों ने मारी गोली, 500 मीटर दूर थी पुलिस

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola