गोरखपुर में अब जरूरतमंदों को मिलेगा मुफ्त खून! IMA ने शुरू किया चैरिटी ब्लड बैंक, CM योगी ने की सराहना

Updated:
विज्ञापन

सीएम योगी आदित्यनाथ

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गोरखपुर ने जरूरतमंदों को मुफ्त खून उपलब्ध कराने के लिए चैरिटी ब्लड बैंक की शुरुआत की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पहल की सराहना की है. यह ब्लड बैंक पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए जीवनदान साबित होगा.

विज्ञापन

Gorakhpur News: गोरखपुर में अब जरूरतमंदों को आसानी से मुफ्त खून मिल जाएगा, क्योंकि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गोरखपुर ने चैरिटी ब्लड बैंक की शुरुआत की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईएमए की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और तकनीक उपलब्ध कराई जा सकती हैं, लेकिन रक्त का निर्माण नहीं किया जा सकता. रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और संस्थाओं की पहल तभी सार्थक होती है, जब उनकी विशेषज्ञता और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे.

विज्ञापन

निशुल्क ओपीडी से शुरू हुआ सफर

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की ओर से स्थापित चैरिटी ब्लड बैंक की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में सीतापुर आई हॉस्पिटल में निशुल्क ओपीडी शुरू हुई थी. उस समय आईएमए ने अपने कार्यालय के लिए जमीन की मांग की थी. प्रशासन के सहयोग से उसे स्थान उपलब्ध कराया गया, इसके बाद संस्था ने उस भूखंड का बेहतर उपयोग करते हुए यहां चैरिटी ब्लड बैंक स्थापित किया है.

जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने की पहल

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह ब्लड बैंक पूर्वी उत्तर प्रदेश के जरूरतमंद लोगों को आवश्यकता के अनुरूप रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. उन्होंने इसे चिकित्सकों की संवेदनशीलता और समाजसेवा की भावना का प्रमाण बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और अत्याधुनिक दवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं, लेकिन रक्त का निर्माण नहीं किया जा सकता है.

रक्तदान से मिलता है जीवनदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि संवेदना का प्रतीक है. एक चिकित्सक जब किसी जरूरतमंद के लिए डोनर को रक्तदान के लिए प्रेरित करता है तो उसके माध्यम से किसी दूसरे व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है. यही भावना समाज में सेवा और सहयोग की संस्कृति को मजबूत करती है.

वाराणसी, प्रयागराज और बरेली का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें वाराणसी और प्रयागराज में आईएमए की ओर से संचालित ब्लड बैंकों को देखने का अवसर मिला है. बरेली में भी आईएमए के ब्लड बैंक की व्यवस्था संचालित हो रही है. उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि इसी तरह की व्यवस्था गोरखपुर में भी हो. आईएमए की ओर से पहले निशुल्क ओपीडी शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसके लिए प्रशासन ने स्थान उपलब्ध कराया था.

1400 से अधिक डॉक्टर IMA से जुड़े

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गोरखपुर में आईएमए से जुड़े सदस्यों की संख्या 1400 से अधिक है, इतनी बड़ी संख्या में चिकित्सक संस्था के माध्यम से जनता की सेवा कर रहे हैं. चैरिटी ब्लड बैंक का संचालन इसी सेवा अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है. उन्होंने आईएमए गोरखपुर के पदाधिकारियों और सभी सदस्यों को इस पहल के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं.

यह भी पढ़ें: UP में पंचायत सहायकों को मंत्री ओपी राजभर ने दी कड़ी चेतावनी, बोले- ‘12 से 15 हजार सैलरी का ख्वाब दिमाग से निकाल दो’

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola