शाहजहांपुर में प्लाईवुड फैक्ट्री में SIB का बड़ा छापा: 70 करोड़ की बिक्री, टैक्स सिर्फ 34 लाख! 55 करोड़ की दाल-सब्जी का खेल उजागर

Updated:
विज्ञापन

शाहजहांपुर में प्लाईवुड फैक्ट्री में SIB का छापा

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

शाहजहांपुर में प्लाईवुड फैक्ट्री में टैक्स चोरी का बड़ा खेल सामने आया है. 70 करोड़ की बिक्री दिखाने वाली फैक्ट्री पर 55 करोड़ की कर-मुक्त वस्तुएं बेचने का आरोप है. SIB ने छापेमारी कर अहम दस्तावेज जब्त किए हैं.

विज्ञापन

Shahjahanpur News : जिले में टैक्स चोरी के एक बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है. प्लाईवुड बनाने वाली फैक्ट्री की आड़ में करोड़ों के काले कारोबार का खुलासा हुआ है. राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB), बरेली की टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए जमौर क्षेत्र स्थित प्लाईवेड प्रोडक्ट्स की प्लाईवुड निर्माण इकाई पर सर्च वारंट लेकर छापा मारा. टीम ने एक साथ फर्म के व्यापार स्थल और फैक्ट्री परिसर में तलाशी ली, जिसके बाद फर्म के सारे कागजी खेल की पोल खुल गई.

विज्ञापन

70 करोड़ की बिक्री, 55 करोड़ की सब्जी-दाल?

SIB की प्रारंभिक अभिलेखीय जांच में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. फर्म ने पिछले वित्तीय वर्ष में 70 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दिखाई है, लेकिन इसके सापेक्ष महज 34 लाख रुपये के टैक्स का भुगतान किया है. इससे भी बड़ा झोल रिकॉर्ड में मिला. फर्म के बही-खातों में लगभग 55 करोड़ रुपये की सब्जियों, दालों और अन्य करमुक्त वस्तुओं की बिक्री दिखाई गई है. मतलब कागज पर प्लाईवुड फैक्ट्री दाल-सब्जी भी बेच रही थी. विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फर्म बिना बिल और कच्चे बिलों पर माल बेचकर बड़े पैमाने पर कर अपवंचन कर रही है. कारोबार और कर भुगतान में विसंगतियां मिलने पर ही SIB ने सर्च वारंट लेकर कार्रवाई की.

20 अफसर, 100 से ज्यादा मजदूर, और मौके पर सब फेल

SIB टीम प्रमुख डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में करीब 20 सदस्यीय टीम ने बरेली और शाहजहांपुर पुलिस के सहयोग से दोनों परिसरों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया. टीम में एक उपायुक्त, दो सहायक आयुक्त और तीन राज्यकर अधिकारी शामिल रहे. तलाशी के दौरान फैक्ट्री में सौ से अधिक कर्मचारी काम करते मिले. फर्म का घोषित प्रमुख कारोबार प्लाईवुड और संबंधित उत्पादों का निर्माण एवं बिक्री है. लेकिन SIB के अनुसार तलाशी के दौरान व्यापार स्थल और फैक्ट्री परिसर में सब्जियों, दालों अथवा इस तरह की वस्तुओं के व्यापार से संबंधित कोई गतिविधि नहीं मिली. इससे साफ हो गया कि कागजों में दाल-सब्जी दिखाकर टैक्स बचाने का खेल किया जा रहा था.

बिल-बुक, स्टॉक सब जब्त, अब होगी बड़ी कार्रवाई

डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि SIB वास्तविक कारोबार, माल की प्रकृति, खरीद-बिक्री, स्टॉक और घोषित टर्नओवर के बीच संबंधों की गहन जांच कर रही है. तलाशी के दौरान फर्म के परिसर से महत्वपूर्ण अभिलेख, लेखा-पुस्तकें, बिल-बुक, खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य सीज किए गए हैं. परिसर में उपलब्ध स्टॉक का भी सत्यापन किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद वास्तविक कारोबार, घोषित बिक्री और संभावित कर अपवंचन की राशि का निर्धारण किया जाएगा. इसके बाद नियमानुसार बड़ी विधिक कार्रवाई तय है.

शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट

Also Read : जिस जमीन को आतिक अहमद ने किया था कब्जा , वहां अब योगी सरकार बनवाएगी 602 लग्जरी फ्लैट, जानें कीमत और सुविधाएं

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola