प्रयागराज से झारखंड तक खौफनाक वारदात! 5 महीने पहले लगी थी नौकरी, प्रेमी के कमरे पर पहुंचते ही खत्म हो गई सुपरवाइजर की जिंदगी
अनीता बिंद और अनिल कुमार बिंद
झारखंड में एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां प्रयागराज की रहने वाली आंगनवाड़ी सुपरवाइजर अनीता बिंद की उसके प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी. 27 वर्षीय अनीता को पांच महीने पहले ही नौकरी मिली थी और वह बड़े अफसर बनने का सपना देखती थीं.
Prayagraj Murder: प्रयागराज की रहने वाली आंगनवाड़ी सुपरवाइजर अनीता बिंद (27) की झारखंड में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. अनीता की पांच महीने पहले ही आंगनवाड़ी सुपरवाइजर के पद पर नौकरी लगी थी और उनकी तैनाती पश्चिम सिंहभूमि के चक्रधरपुर के सोनुवा ब्लॉक स्थित महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय में हुई थी. वह चक्रधरपुर के शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी वार्ड-7 में किराए के मकान में रहती थीं. 17 सितंबर की दोपहर उनका प्रेमी अनिल कुमार बिंद उनके कमरे पर पहुंचा, जहां चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई.
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे मकान मालिक, आरोपी गिरफ्तार
17 सितंबर को करीब दोपहर 2 बजे मिर्जापुर के जिगना थाना क्षेत्र का रहने वाला अनिल कुमार बिंद अनीता से मिलने उसके कमरे पर पहुंचा था. इसी दौरान कमरे से चीख-पुकार सुनकर मकान मालिक संजय साव और मोहल्ले के लोग ऊपर पहुंचे. लोगों को आता देखकर अनिल कमरे से निकलकर भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया. कमरे के अंदर अनीता की चाकू से गोदी हुई लाश मिली. लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.
5 महीने पहले लगी थी नौकरी, अफसर बनने का था सपना
अनीता प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के उल्दा गांव की रहने वाली थीं. चार भाई-बहनों में वह दूसरे नंबर पर थीं और उनकी अभी शादी नहीं हुई थी. पिता काशी प्रसाद बिंद और भाई श्याम बिंद गांव में दर्जी का काम करते हैं. छोटा भाई आदर्श पढ़ाई करता है, जबकि छोटी बहन गीता ग्राम पंचायत का काम देखती है. भाई श्याम के मुताबिक, अनीता ने कुछ साल पहले सीडीपीओ भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी थीं. इसके बाद पांच महीने पहले उन्हें सुपरवाइजर की नौकरी मिली. वह पढ़ाई में तेज थीं और बड़े स्तर की अफसर बनने का सपना देखती थीं.
पुलिस के मुताबिक 3 साल से चल रहा था अफेयर
अनीता के भाई श्याम बिंद ने बताया कि अनिल की उनके गांव में रिश्तेदारी है, इसलिए उसका पहले से गांव आना-जाना था. हालांकि, परिवार को अनीता और अनिल के अफेयर की जानकारी नहीं थी. पुलिस पूछताछ में अनिल ने खुद को अनीता का प्रेमी बताया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच करीब तीन साल से अफेयर था और हत्या को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है. चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवनीश भगौड़ा के मुताबिक, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
पिता ने दी मुखाग्नि, शव पहुंचते ही मचा कोहराम
पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अनीता का शव उनके पैतृक गांव उल्दा लाया गया. शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे मांडा के डेंगुरपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया. पिता काशी बिंद ने बेटी को मुखाग्नि दी. इसके बाद वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए