नोएडा में आज गूंजेगा हरिनाम संकीर्तन, जगन्नाथ रथ यात्रा में उमड़ेंगे हजारों श्रद्धालु, जानिए ट्रैफिक प्लान

जगन्नाथ रथ यात्रा
UP News: नोएडा में आज शाम भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा का आयोजन होने जा रहा है। सेक्टर-18 और आसपास के क्षेत्रों में शाम 4 बजे से ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है। घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ें।
UP News: अगर आज शाम आप नोएडा के सेक्टर-18 या आसपास के इलाकों में जाने की सोच रहे हैं, तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें. आज (16 जुलाई) नोएडा की सड़कों पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकलेगी. विदेशी फूलों से सजे 50 फीट ऊंचे रथ, हरिनाम संकीर्तन, रंग-बिरंगी रंगोली और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में नजर आएगा. ऐसे में कई रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ सकता है.
आज शाम 4 बजे शुरू होगी रथ यात्रा
इस्कॉन नोएडा की ओर से भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है. सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
आज यानी 16 जुलाई को शाम करीब 4 बजे एक विशिष्ट अतिथि हरी झंडी दिखाकर रथ यात्रा की शुरुआत करेंगे. रथ पर भगवान जगन्नाथ को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे. यात्रा सेक्टर-18 गुरुद्वारे से शुरू होकर सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन, अट्टा पीर चौराहा, डीएम चौक, मोदी मॉल और एडोब चौराहा होते हुए इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा. यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. ऐसे में शाम के समय इस रूट पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है. यदि आप इन इलाकों से गुजरने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर प्लान कर लें.
50 फीट ऊंचा रथ बनेगा सबसे बड़ा आकर्षण
इस बार रथ यात्रा का मुख्य आकर्षण 50 फीट ऊंचा, 20 फीट चौड़ा और करीब 50 फीट लंबा भव्य रथ होगा. रथ को सजाने के लिए देश और विदेश से विशेष फूल मंगाए गए हैं. करीब 5 से 6 कुंतल देशी और विदेशी फूलों से पूरे रथ को सजाया जाएगा. यात्रा मार्ग पर कई जगह आकर्षक रंगोलियां बनाई जाएंगी. वहीं रथ के ऊपर से श्रद्धालुओं पर प्रसाद भी वितरित किया जाएगा. खास बात यह है कि इस बार रथ में आधुनिक हाइड्रोलिक फोल्डिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर इसकी ऊंचाई कम या ज्यादा की जा सकेगी.
इन सेवाओं में श्रद्धालु ले सकते हैं भाग
इस्कॉन नोएडा ने विभिन्न धार्मिक सेवाओं के लिए दान राशि निर्धारित की है. श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और इच्छा के अनुसार इनमें शामिल हो सकते हैं.
• आरती सेवा – ₹2,100
• महा आरती सेवा – ₹3,100
• महा प्रसाद सेवा – ₹5,100
• फ्रूट सेवा – ₹11,000
• 56 भोग सेवा – ₹21,000
• प्रसादम सेवा – ₹31,000
• रथ एवं मंदिर फूल सजावट सेवा – ₹1,00,000
• देव विग्रह (डिटी) ड्रेस सेवा – ₹1,51,000
60वां स्थापना दिवस भी मना रहा है इस्कॉन
इस्कॉन नोएडा मंदिर के सह-अध्यक्ष वंशीधर दास ने बताया कि पूरी रथ यात्रा को व्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाएगा, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. उन्होंने बताया कि शाम करीब 7 बजे यात्रा के समापन के बाद इस्कॉन मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा. इस साल इस्कॉन अपनी स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने का उत्सव भी मना रहा है. इसी अवसर पर अमेरिका, कनाडा, रूस, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों से भक्त नोएडा पहुंचे हैं, जिससे इस बार का आयोजन और भी खास बन गया है.
घर से निकलने से पहले जरूर जान लें ट्रैफिक रूट
16 जुलाई को ही नोएडा के सेक्टर-122 में भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाएगी. ऐसे में शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है. अगर आप शाम के समय सेक्टर-18, अट्टा मार्केट, डीएम चौक, एडोब चौराहा, इस्कॉन मंदिर या सेक्टर-122 के आसपास जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले से अपना वैकल्पिक रूट तय कर लें. भक्ति और उत्साह से भरपूर यह आयोजन हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा, इसलिए थोड़ी सी योजना बनाकर निकलने से आपकी यात्रा भी आसान रहेगी.
Also Read: दिन में ड्यूटी, रात में पढ़ाई, अमेठी के 30 सिपाहियों ने रचा इतिहास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










